रावलपिंडी की फोटो को मध्‍य प्रदेश का बता फंसे दिग्विजय, शिवराज ने ले लिए मजे

मध्य प्रदेश में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है। यही वजह है कि सत्ता और विपक्ष एक-दूसरे को निशाना बनाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। ताजा मामले में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शिवराज सरकार पर निशाना साधने की कोशिश की, लेकिन अपनी गलती की वजह से खुद ही फंस गए। दरअसल दिग्विजय सिंह ने एक ब्रिज की तस्वीर ट्विटर पर पोस्ट करते हुए अपने संदेश में लिखा कि यह सुभाष नगर रेलवे फाटक, भोपाल पर बन रहे ओवर ब्रिज की तस्वीर है, जिसके एक पोल में आयी दरार इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाती है। अभी तो पुल बना भी नहीं है। एक भाजपा नेता के मार्गदर्शन में निर्माण हो रहा है, फिर यह सब क्यों और कैसे? वाराणसी की दुर्घटना यहां भी ना हो जाए।

दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भी पलटवार किया और एक ट्वीट करते हुए लिखा कि “पता नहीं इनको ऐसा क्यों लगा कि मध्य प्रदेश में आज भी उनके जमाने जैसी धांधलियां हो रही होंगी! ये वह हैं जो जमीन पर तो छोड़िए, अपने ट्विटर हैंडल पर भी पुल ठीक से नहीं बना पाए।” बता दें कि दिग्विजय सिंह ने पुल की जो तस्वीर शेयर की थी, वह असल में पाकिस्तान के रावलपिंडी में बन रही मेट्रो रेल के ब्रिज की थी। शिवराज सिंह ने सही तस्वीर शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह पर तंज कसा।

शिवराज सिंह के बाद अब भाजपा मध्य प्रदेश ने भी ट्वीट कर दिग्विजय सिंह द्वारा पाकिस्तान के ब्रिज को मध्य प्रदेश का बताने पर ट्वीट कर निशाना साधा है। भाजपा मध्य प्रदेश ने लिखा कि मध्य प्रदेश की जनता ने नकारा, तो दिग्गी राजा ने लिया पाकिस्तान का एक बार फिर सहारा। शिवराज के अंध-विरोध में भोपाल को रावलपिंडी बना डाला। बता दें कि इसी साल के अंत तक मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *