अब बीजेपी विधायक द्वारा ताज महल का नाम बदलकर राम महल करने की हो रही बातें

उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल ताज महल को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा सकता है। मीडीया रिपोर्ट के अनुसार  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक ने ताजमहल का नाम बदलने की बात कह दी है। बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि ताजमहल का नाम बदलकर ‘राम महल’ या ‘कृष्ण महल’ कर देना चाहिए। हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब आगरा स्थित इस बेहद ही खूबसूरत मीनार को लेकर विवाद हुआ हो। इससे पहले पिछले साल वर्ल्ड टूरिज्म डे के मौके पर जब योगी सरकार ने राज्य के पर्यटन स्थलों की बुकलेट जारी की थी तब उस बुकलेट में ताजमहल को शुमार नहीं किया गया था।

इसे लेकर काफी विवाद पैदा हो गया था। विवाद होने के बाद योगी सरकार ने एक बयान जारी कर कहा था कि 370 करोड़ रुपये की पर्यटन परियोजनाएं प्रस्तावित हैं जिसमें 156 करोड़ रुपए की परियोजनाएं आगरा और ताजमहल के आसपास के सौंदर्यीकरण के लिए है।

भाजपा के एक और विधायक संगीत सोम ने इस विवाद के बीच भारत की ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल पर सवालिया निशाना उठाते हुए कहा था कि इतिहास दोबारा लिखा जाएगा और इसमें से मुगल बादशाहो का नाम हटा दिया जाएगा। इसके बाद उसी साल सीएम आदित्यनाथ जब एक दिन के दौरे पर आगरा पहुंचे तो ताजमहल के पश्चिमी गेट पर वो झाड़ू लगाते नजर आए। योगी ताजमहल के अंदर भी गए थे और शाहजहां-मुमताज की कब्रे भी देखी थी।

इन तमाम विवादों के बीच यूपी सरकार ने साल 2018 का कैलेंडर जारी कर दुनिया के सात अजूबों में शामिल ताजमहल को लेकर छिड़े विवादों को खत्म करने की कोशिश की और इस कैलेंडर में टूरिस्ट प्लेस के रुप में ताजमहल को प्रमुखता से जगह दी गई। इतना ही नहीं पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ की तस्वीर भी इस कैलेंडर में नजर आई थी। यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा के विधायक सुरेंद्र सिंह ने विवादित बयान दिया हो। इससे पहले चर्चित उन्नाव गैंगरेप केस में सुरेंद्र सिंह आरोपी भाजपा के पक्ष में बयान देकर चर्चे में आए थे और फिर एक के बाद एक कई बार वो अपने विभिन्न विवादित बयानों से सुर्खियों में रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *