Video: 18 फुट लंबे खतरनाक अजगर को पकड़ पोज देते रेंजर बाल-बाल बचे

देखने-सुनने में भले ही सांप के साथ सेल्फी लेना काफी कूल लगे। मगर यह काम असल में करना किसी के लिए भी खतरनाक हो सकता है। एक्सपर्ट्स और फॉरेस्ट रेंजर के लिए भी कई बार ये चीजें काफी मुश्किल का सबब बन जाती हैं। रविवार (17 जून) को कुछ ऐसा ही मामला पश्चिम बंगाल में देखने को मिला। फॉरेस्ट रेंजर 18 फुट लंबे खतरनाक अजगर के साथ पोज दे रहे थे, तभी उसने उन्हें कसकर जकड़ लिया था। रेंजर काफी मशक्कत करने के बाद खुद को उसके चंगुल से बचा पाए।
राजधानी कोलकाता से करीब 600 किलोमीटर दूर जलपाईगुड़ी के एक गांव में रॉक पॉयथन (अजगर की प्रजाति) आ गया था। 18 फुट लंबे और 40 किलो वजनी अजगर ने यहां एक बकरी को अपना निवाला बनाया था। सूचना पर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद उन्होंने वन विभाग को इस बारे में बताया। फौरन फॉरेस्ट रेंजर अपने दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने अगजर को पकड़ लिया।
सामान्य तौर पर ऐेसे मामलों में सांप को बोरे या किसी चीज में बंद कर जंगल में छोड़ दिया जाता है। लेकिन दमदार अगजर को देख बेखौफ रेंजर ने उसे अपने गले में डलवा लिया था। कंधे पर अजगर को लादे वह कुछ सेकेंड तो मुस्कुराए। ये नजारा देख आसपास मौजूद ग्रामीण हूटिंग कर रहे थे। रेंजर को बहादुर बता उनके साथ फोटो खींच रहे थे।
अजगर इसी बीच बेकाबू हो गया और उसने रेंजर की गर्दन को अपने शरीर से जकड़ लिया। रेंजर भी उसकी इस हरकत को एकदम से समझ न पाए थे, लिहाजा वे पकड़ से छूटने के लिए आगे-पीछे हुए। अजगर की हरकत देख आसपास के लोग कुछ पल के लिए सन्न रह गए थे। हालांकि, उस दौरान रेंजर के साथ उनके साथियों ने उन्हें अजगर की चंगुल से छुड़ाने में मदद की थी, तब जाकर उनकी जान में जान आई।