रियलिटी शो का प्रतिभागी हुआ नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने रियलिटी शो के एक प्रतिभागी को नाबालिग लड़की के अपहरण और फिर उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य गुप्ता के तौर पर हुई है। पुलिस ने उसपर पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है। इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बतलाया कि पीड़ित लड़की सोशल मीडिया के जारिए आरोपी लड़के के कॉन्टैक्ट में आई। लड़की की उम्र 17 साल बतलाई जा रही है। आरोप के मुताबिक सोशल मीडिया पर कई दिनों तक बातचीत करने के बाद आरोपी आदित्य गुप्ता ने लड़की को मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद लड़की को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

यह मामला उस वक्त उजागर हुआ जब पीड़ित लड़की के परिजनों ने अंधेरी वेस्ट पुलिस स्टेशन में लड़की के अपहरण का मामला दर्ज कराया। पीड़ित लड़की के माता-पिता ने पुलिस को बतलाया कि 17 जून को लड़की अपनी बड़ी बहन के साथ किताब खरीदने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस मामले में गहनता से छानबीन शुरू कर दी। सोमवार को पुलिस ने लड़की को बदहवास हालत में एक भोजनालय के पास से बरामद कर लिया। इसके बाद लड़की का मेडिकल जांच करवाया गया और फिर लड़की का बयान दर्ज किया गया।

लड़की ने आदित्य गुप्ता को अपने बयान में आरोपी बतलाया। लड़की ने बतलाया कि आदित्य ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर एक भोजनालय के पास उसे बेहोशी की हालत में छोड़ कर फरार हो गया। जल्दी ही पुलिस ने आदित्य गुप्ता के फोन रिकॉर्ड और सोशल मीडिया को खंगाला और सीधे पहुंच गई उसके घर। पुलिस का कहना है कि कड़ाई से पूछताछ करने के बाद अंधेरी के नालासोपारा इलाके में रहने वाले आरोपी आदित्य गुप्ता ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। अब इस मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। आपको बता दें कि पेशे से कोरिग्राफर आदित्य गुप्ता टीवी पर रियलिटी शो का प्रतिभागी भी रह चुका है। साल 2007 में आदित्य ने ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ में हिस्सा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *