जेल की ओर मुंह कर राम रहीम को कर रहे थे प्रणाम, 8 लोग गिरफ्तार

अपनी शिष्या से रेप के जुर्म में 20 साल की सजा पाने वाला रामरहीम हरियाणा की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। वह डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख भी है। ऐसे में जेल के बाहर उसके अनुयायी बड़ी संख्या में उसे प्रणाम करने के लिए जमा हो रहे हैं। सुरक्षा के लिए फिक्रमंद पुलिस अधिकारियों ने जेल परिसर से लगभग एक किलोमीटर दूर बैरिकेड लगवाया है। इस बैरिकेड से आगे जाने की अनुमति सिर्फ जेल में मिलने वालों या जेलकर्मियों को ही दी जाती है। लेकिन अब इसी बैरिकेड के बाहर उनके अनुयायी बड़ी संख्या में जमा हो रहे हैं।

बता दें कि रविवार को सुनारिया जेल की तरफ जाने वाले रास्ते पर कार संख्या पीबी 31 एफ 0044 आकर रुकी। कार से आठ लोग नीचे उतरे। सभी जेल की तरफ मुंह करके राम-रहीम का नाम लेकर अरदास करने लगे। इस पर थोड़ी ही दूरी बने नाके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आठ लोगों को हिरासत में ले लिया। उनकी कार जब्त करके उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। दरअसल डेरा सच्चा सौदा का प्रमुख राम रहीम सुनारिया जेल में कैद है। उसे तन्हाई में रखा गया है। राम रहीम से मिलाई के लिए आने वाले सिर्फ सोमवार और गुरुवार के दिन ही जेल में आ सकते हैं।

राम रहीम के अनुयायियों के जेल आने और उसे प्रणाम करने के फोटो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। फोटो में उसके अनुयायी हाथ जोड़कर फोटो खिंचवाते हैं। चूंकि रामरहीम से मिलने का अधिकार सिर्फ उनके परिजनों और वकील को ही दिया गया है। इसलिए अनुयायी सिर्फ जेल से बाहर हाथ जोड़कर खड़े हो जाते थे। जहां लोगों का जमावड़ा लग रहा है, वह जगह भी जेल से करीब एक किलोमीटर पहले है।

बता दें कि राम रहीम को 28 अगस्त 2017 को सीबीआई कोर्ट ने 20 साल की सजा सुनाई थी। ये दंड उसे अपनी दो शिष्याओं के साथ रेप करने के जुर्म में मिला है। उसे रोहतक जिले की सुनारिया जेल परिसर में ही सजा सुनाई गई थी। इससे पहले 25 अगस्त को पंचकुला में सीबीआई के विशेष जज जगदीप सिंह ने राम रहीम को दोषी ठहराया था। राम रहीम को विशेष हेलिकॉप्टर से रोहतक जेल भेजा गया था। तभी से राम रहीम सुनारिया जेल में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *