पहले किया नाबालिग लड़की से रेप, जमानत पर छूटा तो उसी से की शादी, अब मिली 7 साल की सजा

पंजाब के मोगा में दुष्कर्म, प्रेम, विवाह और जेल जाने का अनोखा मामला सामने आया है। यहां पहले एक नाबालिग ने नाबालिग लड़की से रेप किया। आरोपी के खिलाफ लड़की के पिता ने केस दर्ज कराया तो नाबालिग गिरफ्तार हो गया। जमानत पर बाहर आया तो उसे उसी लड़की से प्यार हो गया जिसका उसने रेप किया। बाद में लड़की भी उसकी तरफ आकर्षित होने लगी। दोनों के बीच कई दिनों तक प्रेम प्रसंग चला। इसके बाद दोनों ने चार जुलाई, 2017 में कोर्ट मैरिज कर ली। अब दोनों का एक बेटा है। खास बात यह है कि साल 2013 में लड़की के पिता द्वारा आरोपी के खिलाफ रेप का केस कोर्ट में चलता रहा। कोर्ट में सुनवाई के दौरान लड़की भी लड़के के पक्ष में दलील देती रही। मगर बीते बुधवार (11 जुलाई, 2018) को एडिशनल सेशन जज ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसे भगाने के आरोप में लड़के को दोषी करार दे दिया। उसे सात साल की सजा सुनाई गई। इसके अलावा पांच हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया। हालांकि केस में आरोपी बनाई गई दोषी की मां को कोर्ट ने बरी कर दिया।

क्या है मामला-
दैनिक भास्कर अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2013 में पुलिस ने पलविंदर और उसकी मां जसविंदर कौर के खिलाफ जमींदार की साढ़े सत्रह साल की लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में केस दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने दोनों को ढूंढ लिया। नाबालिग का मेडिकल टेस्ट कराया गया। कोर्ट में लड़की का बयान दर्ज कर लड़के के खिलाफ रेप की धारा भी जोड़ दी गई। पलविंदर को जेल भेज दिया गया।

जमानत पर बाहर आया तो हो गया प्यार-
बाद में जब आरोपी साल 2015 में जमानत पर छूटा तो लड़की से प्यार करने लगा। दोनों ने चार जुलाई, 2017 को सेशन जज की अदालत में शादी करवा ली। हालांकि इस दौरान भी कोर्ट में केस भी चलता रहा। ऐसा इसलिए हैं कि क्योंकि केस लड़की के पिता द्वारा दाखिल किया गया था। जिस समय केस दर्ज हुआ उस वक्त लड़की नाबालिग थी। लड़की ने कोर्ट में लड़के का पक्ष लेने की काफी कोशिश भी की, मगर कोर्ट उसकी दलीलों से सहमत नहीं हुआ और युवक को जुर्माने के साथ सजा सुना दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *