भारत लौट दोस्‍त की शादी में पहुंचे एमएस धोनी, साक्षी और जीवा भी रहीं साथ

इंग्लैंड दौरे के बाद स्वदेश लौटे पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने अपने परिवार के साथ वक्त बिताया और गुरुवार को मुंबई में अपने एक दोस्त की शादी अटेंड की। इस दौरान धोनी के साथ उनकी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी मौजूद थीं। साक्षी लाल रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रहीं थी, वहीं जीवा सफेद प्रिंटेड लहंगे मे बेहद क्यूट लग रहीं थी। धोनी इस दौरान फॉर्मल ट्रेडिशनल कपड़ों में दिखाई दिए। बता दें कि धोनी इंग्लैंड दौरे पर गई भारत की टी20 और वनडे टीम का हिस्सा थे।

टी20 में जहां भारत की टीम ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की, वहीं वनडे में भारतीय टीम को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। धोनी के प्रदर्शन की बात करें तो इस सीरीज में उनका बल्ला खामोश ही रहा। यही वजह है कि अब धोनी के संन्यास लेने की मांग उठने लगी है। सोशल मीडिया पर भी लोग अब धोनी के रिटायमेंट पर चर्चा कर रहे हैं। पूर्व कप्तान के हालिया प्रदर्शन पर नजर डालें तो धोनी जिन्हें धुंआधार फिनिशर के तौर पर जाना जाता है, अब वह इमेज कहीं ना कहीं धूमिल पड़ती नजर आ रही है।

बता दें कि कभी अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले धोनी का पिछले 12 महीनों में स्ट्राइक रेट अपने समकक्ष टॉप विकेटकीपरों में सबसे कम है। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे के दौरान तो धोनी को अपनी धीमी बल्लेबाजी के कारण मैदान पर ही दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। हालांकि दर्शकों द्वारा धोनी को निशाने पर लेने के बाद कप्तान कोहली समेत कई दिग्गजों ने धोनी का समर्थन किया था। कोहली ने कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि लोग बहुत जल्दी निष्कर्ष पर पहुंच जाते हैं। जब धोनी अच्छा करते हैं तो लोग उन्हें बेस्ट फिनिशर कहते हैं और जब चीजें उनके हिसाब से नहीं हो पातीं तो लोग उनकी आलोचना शुरु कर देते हैं। हमें धोनी की क्षमता में पूरा विश्वास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *