दिल्‍ली में 16 साल की लड़की का किडनैप कर किया था रेप और फिर उसे बेच दिया था मसाज सेंटर को

दिल्ली पुलिस ने एक 16 वर्षीय लड़की को किडनैप करने और फिर उसे एक मसाज सेंट को बेचने के मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला भी शामिल है। पीड़िता की मेडिकल जांच में उसके साथ यौन शोषण होने की पुष्टि हुई है। आरोपियों को पहचान रवि (32 वर्षीय), रिंकी (20 वर्षीय), रोहित (22 वर्ष) और मुकेश (25 वर्ष) के रुप में हुई है। वहीं जिस मसाज सेंटर को लड़की बेची गई थी, उसके मालिक का नाम अशोक गोयल है और फिलहाल अशोक गोयल और इस मामले में आरोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस पकड़ने का प्रयास कर रही है।

हिन्दुस्तान टाइम्स की एक खबर के अनुसार, पीड़िता बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी की निवासी है, जिसे 30 जून को किडनैप किया गया था। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को अभिषेक नाम के युवक ने हरिद्वार ले जाकर उसका यौन शोषण किया, जहां से अभिषेक उसे लेकर दिल्ली आया। 21 जुलाई को पीड़िता ने मौका पाकर अपने घर फोन किया और खुद के रोहिणी में होने की बात बतायी। इसके बाद पीड़िता की मां ने रोहिणी जाकर अपनी बेटी को खोज लिया और उसे लेकर सुल्तानपुरी पुलिस स्टेशन पहुंच गए। पुलिस जांच के दौरान पीड़िता ने बताया कि अभिषेक के साथ हरिद्वार से वापस लौटने के बाद दोनों पुरानी दिल्ली के रेलवे स्टेशन के नजदीक रह रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात रवि से हुई, जिसनें दोनों को घर और नौकरी दिलाने का वादा किया। इसके बाद रवि दोनों को लेकर गाजियाबाद आ गया। पीड़िता के अनुसार, अभिषेक अगले दिन नौकरी ढूंढने की बात कहकर चला गया और फिर वापस नहीं आया। इस दौरान रवि ने पीड़िता का यौन शोषण किया।

इसके बाद रवि और उसके साथ रहने वाली रिंकी ने उसे हिना और इंतजार को सौंप दिया। जहां से हिना और इंतजार उसे लेकर रोहिणी पहुंचे और यहां एक स्पा और मसाज सेंटर चलाने वाले अशोक गोयल को उन्होंने पीड़िता को सौंप दिया। इस मामले में अन्य आरोपी रोहित और मुकेश अशोक गोयल के ही सहयोगी हैं। पीड़िता के अनुसार, अशोक गोयल ने भी उसका यौन शोषण किया और उस पर ग्राहकों के साथ सेक्स करने का दबाव बनाया। फिलहाल पुलिस ने अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पुलिस पूछताछ में लड़की को बेचने की बात स्वीकार कर ली है। अभिषेक की निशानदेही पर ही पुलिस ने रवि और रिंकी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बाद में पुलिस ने स्पा और मसाज सेंटर पर छापा मारकर रोहित और मुकेश को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *