जानिए अपने पीछे कितना बड़ा परिवार छोड़ गए ​तमिलनाडु के ‘भीष्म पितामह’

तमिलनाडु की सियासत पर गहरा असर रखने वाले एम. करुणानिधि अब नहीं रहे। तमिलनाडु में उनके समर्थक उनकी मृत्यु की खबर से शोकाकुल हैं। पूरे प्रदेश में सात दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। करुणानिधि अपने पूरे राजनीतिक जीवन में तमिलनाडु की सियासत की धुरी बना रहे। उनका परिवार भी पूरे प्रदेश और देश की सियासत में सक्रिय रहा है। करुणानिधि अपने पीछे भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।

करुणानिधि ने अपनी जिंदगी में तीन शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी का नाम पदमावती था। वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। जबकि उनकी दो पत्नियां दयालुअम्मल और रजति अम्मल वर्तमान में हैं। एम. के मुथु करुणानिधि के सबसे बड़े बेटे हैं। वह करुणानिधि की पहली पत्नी पदमावती से एकमात्र पुत्र हैं। एम के मुथु की पत्नी का निधन हो चुका है। उन्होंने दो फिल्मों में काम भी किया है। मुथु के बेटे का नाम ​अरिवुनिधि है। जबकि बेटी का नाम थेनमोझी है।

एम के अलागिरी, करुणानिधि की दूसरी संतान हैं। वह उनकी दूसरी पत्नी दयालुअम्मल के पहले पुत्र हैं। अलागिरी यूपीए की सरकार में केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री रहे हैं। उनकी पत्नी का नाम कांति अलागिरी है। अलागिरी के बेटे का नाम दुराई दयानिधि है। जबकि उनकी बेटी का नाम कायलवि​झी है। वह पेशे से हाउसवाइफ हैं। दयानिधि 16,000 करोड़ रुपये के ग्रेनाइट घोटाले के मुख्य आरोपी हैं।

करुणानिधि और दयालुअम्मल के दूसरे पुत्र एमके स्टालिन को उनका उत्तराधिकारी माना जाता है। स्टालिन की पत्नी का नाम दुर्गावती है। स्टालिन के दो बच्चे हैं। उनके बेटे का नाम उदयनिधि है जबकि बेटी का नाम सेंथामराई है। करुणानिधि और दयालुअम्मल की बड़ी बेटी का नाम सेल्वी है। जबकि सेल्वी के पति का नाम सेल्वम है। सेल्वी बेंगलुरु में रहती हैं। उनके कई बड़े कारोबार हैं। उनके पति उदय टीवी के प्रमुख हैं। उदय टीवी सन नेटवर्क का कन्नड़ टीवी चैनल है।

करुणानिधि और दयालु अम्मल के सबसे छोटे बेटे का नाम थमीझरासु है। थमीझरासु फिल्म वितरक और बड़े रियल स्टेट कारोबारी हैं। उनकी पत्नी का नाम मोहाना हैं। थमीझरासु के बेटे का नाम अरुलनिधि है। वह ​फिल्मों में अभिनेता के तौर पर सक्रिय हैं। करुणानिधि और उनकी तीसरी पत्नी रजति अम्मल की बेटी का नाम कनिमोझी है। कनिमोझी वर्तमान में राज्‍यसभा सांसद भी हैं। उन्हें डीएमके की राजनीति की धुरी भी माना जाता है। कनिमोझी के पति का नाम अरविंदन है। वह सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *