भागकर दलित से की शादी तो युवकों ने लड़की और सुरक्षा दे रहे पुलिस सब इंस्पेक्टर को मार डाला

बुधवार को हरियाणा के रोहतक जिले में एक बाइक पर सवार दो युवकों ने 18 साल की लड़की और उसकी सुरक्षा में लगे पुलिस सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। रोहतक के एसपी जशनदीप सिहं ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। इस घटना के पीछे लड़की के घरवालों का हाथ होने की आशंका है। पुलिस ने बताया कि पिछले साल 24 अगस्त को एक अगड़ी जाति की लड़की दलित युवक के साथ भाग गई थी। इस मामले में लड़की के परिजनों ने सिंघपुरा गांव के एक लड़के के खिलाफ अपनी बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करवायी थी। लेकिन उन दोनों ने शादी कर ली और कोर्ट से सुरक्षा की गुहार लगाई। हालांकि, लड़की को उस समय नाबालिग पाया गया, इस वजह से पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, लड़की वापस अपने माता-पिता के घर नहीं जाना चाहती थी, इसलिए उसे करनाल स्थित नारी निकेतन भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि, “पिछले साल जब लड़की ने शादी कर ली थी तब उसके पिता ने कहा था कि वह नबालिग है। खुद को बालिग दिखाने के लिए फर्जी दस्तावेज दिखा रही है।”

बुधवार को अपने जन्मतिथि को लेकर लड़की रोहतक कोर्ट के समक्ष पेश हुई, जहां एक पुलिस सब इंस्पेक्टर नरेंद्र कुमार और एक महिला पुलिस उसके साथ थे। जब वे दोपहर के बाद वापस लौटने लगे, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने मिनी सचिवालय गेट के पास लड़की और साथ में चल रहे पुलिस सब इंस्पेक्टर को गोली मार दी। वहीं महिला सिपाही बाल-बाल बच गई। दोनों को तत्काल रोहतक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, “बुधवार को जब लड़की कोर्ट में पेशी के लिए आयी थी, उस समय परिसर में उसके पिता को भी देखा गया था। वह पहले भी सुनवाई के सिलसिले में आते रहे हैं। हमें बताया गया था कि दो अज्ञात व्यक्ति जो बाद में गोलीबारी कर सकते हैं, इस क्षेत्र में देखे गए हैं। सुनवाई के बाद लड़की और पुलिस जवान ऑटोरिक्शा लेकर नारी निकेतन वापस लौट रहे थे। तभी दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आये आये और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। लड़की को बचाने के चक्कर में सब इंस्पेक्टर को भी गोली लग गई।” इस मामले में लड़की के पिता और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *