आतंकियों ने युवक को अगवा कर हत्या की

जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने एक व्यक्ति को अगवा कर लिया और गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। जिले के मुर्रान गांव के रहने वाले फार्मासिस्ट गुलजार अहमद भट (23) को रविवार की शाम आतंकी अगवा कर ले गए थे। पुलिस ने भट का गोलियों से छलनी शव सोमवार सुबह उसके गांव के बाहर सेब के एक बगीचे से बरामद किया। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने ट्विटर एकाउंट पर इस घटना का ब्योरा जारी किया है। पुलिस का मानना है कि इस घटना में हिज्बुल मुजाहिदीन संगठन के स्थानीय आतंकवादियों जहूर ठोकर और शौकत डार का हाथ है। गुलजार को पुलिस का मुखबिर बताते हुए गांव के ही एक सेब के बगीचे में आतंकी उठा ले गए। बगीचे से रात साढ़े नौ बजे गोलियों की तड़तड़ाहट सुनी गई। सुबह गुलजार का शव वहां से मिला, जिसपर गोलियों के कई निशान थे।

पुलवामा का मुर्रान और आसपास के कई गांव आतंकवादियों का ठिकाना कहे जाते हैं। इन इलाकों में आतंकवादियों के समर्थन में सुरक्षाबलों के खिलाफ प्रदर्शन अक्सर होते रहते हैं। पुलवामा से ही बीते जून में आतंकवादियों ने सेना के एक जवान औरंगजेब को उसके गांव गुसू से अगवा कर लिया था। उसका गोलियों से छलनी शव मिला था। जवान का उस समय अपहरण कर लिया गया था, जब वह ईद मनाने के लिए छुट्टी लेकर घर आया था। कश्मीर में हाल के दिनों में आतंकवादियों द्वारा आम नागरिकों को मार डालने की वारदातें बढ़ी हैं। इनमें दस से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

अधिकांश मामलों में आतंकवादियों ने अगवा कर हत्या कर दी और वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। पिछले मंगलवार को आतंकवादियों ने कुलगाम के हवूरा गांव से आरिफ अहमद सोफी और मेहराज अहमद डार को अगवा किया था। दोनों को बुरी तरह प्रताड़ित कर माफी मंगवाई और रिहा किया। बाद में आरिफ की अस्पताल में मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *