दिल्ली: AAP ने कराया सर्वे, 7 में से 4 लोकसभा सीट जीतने का दावा

आम आदमी पार्टी (AAP) का दावा है आगामी लोकसभा चुनाव में वो दिल्ली की सात में से चार सीटें जीतने जा रही है, जबकि बाकी तीन सीटों पर भाजपा संग उसका कड़ा मुकाबला है। पार्टी के मुताबिक उसने बूथवाइज सर्वे कराया है। सर्वे में लोगों से यह भी पूछा गया है कि वो AAP और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं को किस तरह लेते हैं? इसमें लोगों ने कहा कि वो गठबंधन के खिलाफ हैं। सर्वे के मुताबिक चुनाव में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी को लोकसभा चुनाव में करीब 46 फीसदी वोट मिलने की उम्मीद है। भाजपा को 36 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं जबकि कांग्रेस को सिर्फ 9 फीसदी वोट मिलने का दावा किया गया है।

सर्वे में बताया गया कि अपर क्लास में भाजपा का दबदबा है तो लोअर क्लास में AAP की छाप है। इस मामले में पार्टी का वोट शेयर लगातार बढ़ रहा है। चुनाव में अपर क्लास से भाजपा को 52 फीसदी वोट मिलते दिख रहे हैं जबकि AAP को 30 फीसदी। कांग्रेस को छह फीसदी वोट मिलेंगे और अन्य पार्टियों को 12 फीसदी वोट मिलते नजर आ रहे हैं। आप का दावा है कि लोअर क्लास उसका वोट बैंक है, जो कभी कांग्रेस का हुआ करता था। लोअर क्लास के 56 फीसदी वोट AAP को मिलेंगे जबकि 25 फीसदी वोट के साथ भाजपा दूसरे नंबर और कांग्रेस तीसरे नंबर हैं, जिसे 10 फीसदी वोट मिलने की बात कही गई है। इसमें अन्य को 9 फीसदी वोट मिलेंगे।

सर्वे के मुताबिक लोकसभा चुनाव में AAP को यूथ और महिलाओं का ज्यादा साथ मिलेगा। हालांकि व्यापारी वर्ग अभी भी भाजपा के साथ है। खास बात यह है कि व्यापारियों ने जीएसटी, नोटबंदी और सीलिंग से जुड़ा अपने दर्द बताया तो सही मगर उनका झुकाव अभी भी भाजपा के साथ है।

जानकारी के मुताबिक सर्वे के नतीजे आने के बाद AAP ने अब एक पर्चा तैयार किया है, जिसे जल्द ही घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी है। पर्चे में दिल्ली में भाजपा के सातों सांसदों पर निशाना साधा गया है। इसमें यह भी कहा गया है कि आप दिल्ली की पार्टी है और वहीं दिल्ली वालों के हक के लिए लड़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *