जन्मदिन पर अहमद पटेल को तोहफा: राहुल गांधी ने बनाया कोषाध्‍यक्ष, आनंद शर्मा की भी तरक्‍की

विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के राज्य सभा सांसद अहमद पटेल को उनके 69वें जन्मदिन पर बड़ा तोहफा दिया है। अहमद पटेल को कांग्रेस का कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले 90 साल के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ये जिम्मेदारी संभाल रहे थे। 1996 में सीताराम केसरी के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद मोतीलाल वोरा को कोषाध्यक्ष बनाया गया था। दो दशक से ज्यादा वक्त तक पार्टी के खजांची रहने वाले मोतीलाल वोरा नेहरू-गांधी परिवार के कुछ खास लोगों में शामिल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक ज्यादा उम्र की वजह से वोरा से ये जिम्मेदारी लेकर अहमद पटेल को दी गई है। वोरा केंद्र सरकार में मंत्री, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और यूपी के राज्यपाल भी रह चुके हैं। बता दें कि राहुल गांधी दो दिनों (22 और 23 अगस्त) के दौरे पर जर्मनी जा रहे हैं।

पार्टी महासचिव अशोक गहलोत ने आज (21 अगस्त) प्रेस रिलीज जारी कर अहमद पटेल की नियुक्ति की सूचना दी। साल 2001 से पटेल सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव भी हैं। फिलहाल वो गुजरात से राज्य सभा के सांसद हैं। पटेल के अलावा सीनियर लीडर आनंद शर्मा को पार्टी के विदेश मामलों की समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले कर्ण सिंह यह जिम्मेदारी संभाल रहे थे। राहुल ने पूर्व स्पीकर मीरा कुमार को सीडब्ल्यूसी में स्थाई आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया है। लुइझिनो फलेरियो के पूर्वोत्तर राज्यों का प्रभारी महासचिव बनाया गया है। इससे पहले सीपी जोशी यह प्रभार संभाल रहे थे।

अहमद पटेल गुजरात से सांसद हैं। वो भरूच लोकसभा सीट से तीन बार (1977 से 1989 तक) सांसद रहे। इसके बाद वो पांचवी बार राज्य सभा के सदस्य चुने गए हैं। पिछले साल अगस्त में हुए राज्य सभा चुनाव में उन्होंने नाटकीय ढंग से बीजेपी के बलवंत सिंह को हराया था। इसके लिए उन्हें आधी रात को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा था। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पूरा जोर लगा दिया था कि अहमद पटेल चुनाव न जीत सकें लेकिन ऐसा नहीं हो सका। मौजूदा समय में गुजरात से वो अकेले मुस्लिम सांसद हैं। राजीव गांधी के संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। कर्नाटक में मई 2018 में जेडीएस के साथ मिलकर सरकार बनाने में भी पटेल ने अहम भूमिका निभाई थी। गांधी परिवार के नजदीकियों में उन्हें बेहतर मैनेजर समझा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *