रामलीला मैदान का नाम अटल पर करने के प्रस्ताव पर भड़के केजरीवाल, कहा- प्रधानमंत्री का नाम बदल दो

उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने रामलीला मैदान का नाम पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर बदलने का प्रस्ताव दिया है। लेकिन इस प्रस्ताव पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सहमत नहीं हैं। अरविंद केजरीवाल ने इसका विरोध करते हुए कहा कि, ” रामलीला मैदान इत्यादि के नाम बदलकर अटल जी के नाम पर रखने से वोट नहीं मिलेंगे। भाजपा को प्रधान मंत्री जी का नाम बदल देना चाहिए। तब शायद कुछ वोट मिल जायें क्योंकि अब उनके अपने नाम पर तो लोग वोट नहीं दे रहे।”

दरअसल, 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का निधन हो गया था। इसके बाद देश कई हिस्सों में उनके नाम पर ऐतिहासिक जगहों के नाम को बदलने की तैयारी की जा रही है। छत्तीसगढ़ सहित अन्य भाजपा शासित राज्यों में कई योजनाओं और ऐतिहासिक स्थलों का नाम अटल जी के नाम पर रखने की तैयारी हो रही है। रमन सिंह सरकार छत्तीसगढ़ की राजधानी का नाम ‘अटल नगर’ करने की तैयारी में है।बिलासपुर विश्वविद्यालय और राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज का नाम भी अटल जी के नाम पर करने का निर्णय लिया है।

दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के ‘स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड आंत्रप्रेन्योरशिप’ का नाम बदलकर ‘अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड आंत्रप्रेन्योरशिप’ करने का फैसला किया है। इसी क्रम में उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान का नाम अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा हे। 30 अगस्त को नार्थ एमसीडी की बैठक है। इस बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी जा सकती है। इसके अलावा कई योजनाओं और स्थालों का नाम भी वाजपेयी जी के नाम पर करने का फैसला किया गया है। इनमें दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल का नाम भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *