यूपी में रिश्ते टूटने से बौखलाकर समलैंगिक प्रेमिका ने 17 साल की लड़की को तेजाब फेंककर जलाया था


तीन दिन पहले यूपी के फिरोजाबाद जिले की कर्बला कॉलोनी में 17 साल की लड़की पर एसिड से हमला किया गया था। रविवार (26 अगस्त) को पुलिस ने लड़की की समलैंगिक प्रेमिका को इस अपराध के आरोप में गिरफ्तार किया है। पीड़ित लड़की के सीने और हाथों पर कई जगह जलने के निशान हैं। उसका इलाज आगरा के निजी अस्पताल में किया जा रहा है। जहां पर उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

एसिड फेंकने की घटना गुरुवार (23 अगस्त) की रात 2.30 बजे हुई थी। घटना उस वक्त हुई जब नाबालिग पीड़िता अपने घर की छत पर अकेले सो रही थी। घटनास्थल द​क्षिण पुलिस स्टेशन के अर्न्तगत आता है। इस मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने लड़की के पूर्व सहपाठी को भारतीय दंड विधान की धारा 326 और 452 के तहत आरोपी बनाया था।

लेकिन जब जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि लड़के का इस अपराध में कोई हाथ नहीं है। ये अपराध लड़की की महिला प्रेमी ने किया है। ये महिला पीड़िता के मकान मालिक की बेटी है। पूछताछ के दौरान आरोपी लड़की ने कहा कि वह पीड़िता लड़की के द्वारा उससे प्रेम संबंध खत्म करने और बातचीत बंद करने से नाराज थी।

फिरोजाबाद के एसपी राजेश कुमार सिंह ने मीडिया से कहा, ”पीड़िता ने ये रिश्ते दो महीने पहले खत्म कर लिए थे। उसे मनाने में नाकाम रहने के बाद आरोपी लड़की ने बदला लेने की ठान ली। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने अपने हाथ पर भी एसिड डाल लिया और पीड़िता लड़की के पूर्व सहपाठी पर आरोप लगा दिया।

दक्षिण पुलिस स्टेशन के थानाध्यक्ष लोकेंदर सिंह ने मीडिया से कहा, ” पूर्व सहपाठी और पीड़िता एक—दूसरे को लंबे वक्त से जानते थे। पीड़िता के पिता ने पहले आरोप लगाए थे कि वह लड़की को तंग करता था और उससे संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। लड़के पर यह भी आरोप लगाए गए थे कि उसने पीड़िता लड़की को जान से मारने की धमकी भी दी थी। लेकिन अब आरोपी लड़की को भादवि की धारा 326 के तहत आरोपी बनाया गया है। जबकि लड़के को भी 354डी और धारा 506 के तहत आरोपी बनाया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *