VIDEO: बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी को बताया देश का शत्रु, अरविंद केजरीवाल को अभिशाप

भाजपा नेता और दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर करारा हमला किया है। मीडिया से एक बातचीत के दौरान मनोज तिवारी ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल को देश का दुश्मन तक बता दिया। अरविंद केजरीवाल के बारे में बात करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली के लिए अभिशाप साबित हुए हैं। बता दें कि मनोज तिवारी ने ये बातें आज तक चैनल के रिपोर्टर के साथ एक बातचीत में कहीं। रिपोर्टर ने जब मनोज तिवारी से आम आदमी पार्टी के दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का मुद्दा गरमाने पर सवाल किया तो दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल इस वक्त ठंडे पड़े हुए हैं। उनकी पार्टी के कई शीर्ष नेता पार्टी छोड़कर जा चुके हैं, ऐसे में खुद को दिलासा देने के लिए अरविंद केजरीवाल ऐसे कई काम करेंगे, जिनका कोई महत्व नहीं है। जब सुप्रीम कोर्ट पहले ही कह चुका है कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं दिया जा सकता, तो फिर केजरीवाल इसे क्यों नहीं मान रहे हैं?

रिपोर्टर ने जब मनोज तिवारी के सामने दिल्ली नगर पालिका में फंडिंग नहीं मिलने का मुद्दा उठाया तो उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली के लोगों के लिए अभिशाप बन गए हैं। केजरीवाल नगर पालिकाओं को फंड जारी नहीं कर रहे हैं, क्योंकि नगर पालिका पर भाजपा का कब्जा है। आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा सांसदों का सर्वे होने के सवाल पर मनोज तिवारी ने कहा कि उनकी पार्टी सांसदों का नहीं बल्कि इस बात का सर्वे करा रही है कि जनता का मूड क्या है? और हम अपने कार्यों को और बेहतर किस तरह से करें? इस बात का सर्वे हो रहा है। इसके बाद मनोज तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल देश के दुश्मन हैं। मनोज तिवारी ने यह भी कहा कि वह बेहद जिम्मेदारी से ये लाइन बोल रहे हैं।

तिवारी ने कहा कि जब जेएनयू में देश विरोधी नारे लगे थे, तब राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल ने जेएनयू जाकर उनका समर्थन किया था। भाजपा सांसद ने कहा कि अरविंद केजरीवाल नगर पालिका का फंड जारी नहीं कर रहे हैं और हमारे मेयर फंड जारी कराने के लिए उनके घर पहुंचे हुए हैं। वहीं राहुल गांधी देश के बाहर जाकर देश की बदनामी कर रहे हैं, जबकि इस देश शासन 50 साल उनके, उनके दादा परदादा के पास रहा है, ऐसे में ये लोग देश के दुश्मन नहीं तो और क्या हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *