तमिलनाडु में एक महिला ने बड़ी मस्जिद के इमाम को जिंदा जला दिया, आग लगाकर महिला हुई फरार


तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में एक महिला ने इमाम को जिंदा जला दिया। घटना बीते सोमवार (27 अगस्त) की है। चेन्नई के त्रिपुलीन थाना क्षेत्र स्थित बड़ी मस्जिद के सामने एक कार्यालय में इस घटना को अंजाम दिया गया। महिला बुर्का पहन ऑफिस में आयी थी। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गई। पुलिस अभी तक हत्यारे को नहीं पकड़ पायी है। मृतक का नाम सैयद फजरूद्दीन है और उनकी उम्र करीब 60 वर्ष थी। वे बड़ी मस्जिद के इमाम थे। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस ने मंगलवार को बताया कि, “सोमवार की रात करीब 8 बजे पांच महिलाओं के साथ आरोपी महिला भी बुर्का पहन फजरूद्दीन के कार्यालय में पहुंची। जब अन्य महिलाएं फजरूद्दीन से बात कर रही थी, तब आरोपी महिला ने उनके उपर एक केमिकल फेंका और आग लगा दी। इसके बाद वहां से भागने लगी। इस दौरान इमाम के दोस्त ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह बच निकली। इस घटना में इमाम बुरी तरह झुलस गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे बाद उनकी मृत्यु हो गई।” त्रिपुलीन पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांचकर्ता अभी महिला की पहचान और हत्या करने के पीछे की वजह तलाश रहे हैं।

जांचकर्ता ने बताया कि, “जिस बिल्डिंग में इमाम का कार्यालय है, उसी में दुकान चलाने वाले 61 वर्षीय मानी ने घटना के बाद महिला का पीछा कर उसे पकड़ लिया था, लेकिन वह उन्हें धक्का देकर भाग गई। इसके बाद मानी ने त्रिपुलीन पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया। सूचना के मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि इमाम के ऑफिस का कुछ हिस्सा भी जल गया है।”

मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने आगे बताया कि, “यह एक पूरी तरह से योजनाबद्ध अपराध था। जिस तरह से महिला पैदल भागी है, उससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि आसपास कहीं कोई गाड़ी उसका इंतजार कर रही होगी।” डॉक्टर जिन्होंने इमाम का इलाज किया, उन्हें पेट्रोल और केरोसिन का निशान नहीं मिला। इसके बाद इमाम के कपड़ों व घटनास्थल से मिले सैंपल को टेस्ट के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *