रूस में दो नए वाणिज्य दूतावास खोलेगा भारत, पीएम मोदी ने किया एलान,

PM Narendra Modi in Russia Live News in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को रूस के दो दिवसीय दौरे पर राजधानी मॉस्को पहुंचे। रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने गर्मजोशी से गले मिलकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच आज शिखर वार्ता होनी है। इससे पहले सोमवार को रूस पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया। पुतिन के आवास पर दोनों शीर्ष नेताओं की मुलाकात हुई। 

रूस में शहीद स्मारक पहुंचे पीएम मोदी

रूस के शहीद सैनिक स्मारक पहुंचकर पीएम मोदी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। द्वितीय विश्व युद्ध के शहीदों के सम्मान में ये स्मारक बनाया गया था। 

रूस में दो नए वाणिज्य दूतावास खोलेगा भारत, पीएम मोदी ने किया एलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस में दो नए वाणिज्य दूतावास खोलने का एलान किया है। पीएम मोदी ने बताया कि रूस के कजान और येकातेरिनबर्ग में भारत को वाणिज्य दूतावास खोले जाएंगे। मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने यह एलान किया। उन्होंने कहा कि ‘मैं आपसे एक अच्छी खबर साझा करना चाहता हूं। हमने तय किया है कि हम कजान और येकातेरिनबर्ग में नए वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। इससे दोनों देशों के बीच यात्रा करना और व्यापार में बढ़ोतरी होगी।’

2001 में भी रूस दौरे पर थे पीएम मोदी

मॉस्को में इस्कॉन के अध्यक्ष साधु प्रिय दास ने कहा कि ‘जब वे (पीएम मोदी) साल 2001 में मॉस्को आए थे और उन्होंने इस्कॉन मंदिर में पूजा अर्चना भी की थी। उस दौरान पीएम मोदी करीब एक घंटे तक मंदिर में रहे थे। प्रधानमंत्री ने उस दौरे की एक तस्वीर मांगी जो मैंने उन्हें मुहैया कराई।’

पूरी दुनिया कह रही है कि तीसरी सदी भारत की सदी है’

पीएम मोदी ने कहा कि ‘भारत और रूस गंगा-वोल्गा के जरिए रिश्तों को री-डिस्कवर कर रहे हैं। दुनिया के सभी एक्सपर्ट कह रहे हैं कि तीसरी सदी भारत की सदी है। आज विश्व बंधु के रूप में भारत दुनिया को नया भरोसा दे रहा है। भारत की काबिलियत से पूरी दुनिया समृद्धि और शांति की उम्मीद लगा रही है। आज भारत को मजबूत स्तंभ के रूप में देखा जाता है। आज भारत जब कुछ कहता है तो पूरी दुनिया सुनती है। जब भी दुनिया पर संकट पर आता है तो दुनिया भारत की तरफ देखती है।’

12:10 PM, 09-JUL-2024

पीएम मोदी को याद आया पुराना गीत

‘एक गाना गाया जाता था- सिर पर लाल टोपी रूसी। (जनता बोली- फिर भी दिल है हिंदुस्तानी)। ये गाना भले ही पुराना हो गया हो। लेकिन सेंटिमेंट अभी भी नए हैं। पुराने समय में राज कपूर, मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकारों ने भारत-रूस की दोस्ती को मजबूत किया और सिनेमा ने उसे आगे बढ़ाया। अब आप सभी भारत-रूस संबंधों को मजबूती दे रहे हैं। हमारी दोस्ती की कई बार परख हुई है और हर बार हमारी दोस्ती मजबूत होकर उभरी है। मैं भारत रूस की दोस्ती के लिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन की भी सराहना करता हूं। उन्होंने दो दशकों में इस दोस्ती को मजबूती देने में शानदार काम किया है।’

12:07 PM, 09-JUL-2024

‘मेरे तो डीएनए में ही चुनौतियों को चुनौती देना है’- प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा ‘सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन और विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा आदि दुनिया के विकास का अध्याय लिखेगी। आज विश्व अर्थव्यवस्था में 15 प्रतिशत भारत का योगदान है और आने वाले समय में इसका विस्तार होगा। वैश्विक गरीबी से लेकर जलवायु परिवर्तन तक हर चुनौती को भारत टक्कर देगा और मेरे तो डीएनए में है चुनौती को चुनौती देना।’

‘जो सोच नेता के मन में चलती है और वही सोच जन के मन में चलती है तो अपार ऊर्जा उत्पन्न हो जाती है और मैं यही देख रहा है। वैश्विक समृद्धि को ऊर्जा देने के लिए भारत और रूस कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। यहां मौजूद आप सभी लोग भारत और रूस के संबंधों को और नई ऊंचाई दे रहे हैं। आपने अपनी मेहनत से अपनी ईमानदारी से रूस के समाज में अपना योगदान दिया है। साथियों मैं दशकों से भारत और रूस के बीच जो अनोखा रिश्ता है, उसका कायल रहा हूं। रूस शब्द सुनते ही हर भारतीय के मन में आता है, भारत के सुख-दुख का साथी। भारत का भरोसेमंद दोस्त।’ 

विज्ञापन

11:57 AM, 09-JUL-2024

‘आज भारतीय सबसे आगे निकलने की तैयारियों में जुटे हैं’

पीएम मोदी ने कहा कि ‘सभी भारतीय अपनी मातृभूमि के लिए सीना तानकर खड़े हो सकते हैं। आप गर्व से बता सकते हैं कि आज का भारत नई बुलंदियों को छू रहा है। आज 140 करोड़ भारतीय दशकों से चली आ रहीं समस्याओं को सुलझाने में विश्वास रखता है और उन्हें दबाकर रखने का रवैया नहीं है। आज भारतीय सबसे आगे निकलने की तैयारी में जुटे रहते हैं। हमने अपनी अर्थव्यवस्था को कोविड संकट से ही बाहर नहीं निकाला बल्कि भारत ने अपनी अर्थव्यवस्था को दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था में से एक बना दिया।’

‘हम वैश्विक स्तर के मील के पत्थर पार कर रहे हैं। हम दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना चला रहे हैं। आयुष्मान भारत दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थ स्कीम है। ये सब देश के 140 करोड़ देशवासी कर रहे हैं। वे सपने भी देखते हैं और संकल्प भी करते हैं और उनकी सिद्धि के लिए जीन जान से जुट जाते हैं। ये भारतीयों की लग्न, मेहनत और निष्ठा से संभव हो रहा है।’ 

11:51 AM, 09-JUL-2024

‘दुनिया कह रही है कि भारत बदल रहा है’

प्रधानमंत्री अपने संबोधन में बोले, ‘जब भारत जी20 का आयोजन करता है, तो दुनिया एक स्वर में बोलती है कि- ‘अरे भारत तो बदल रहा है।’ जब 10 साल में भारत अपने एयरपोर्ट की संख्या को बढ़ाकर दोगुना कर देता है, तब दुनिया कहती है कि भारत बदल रहा है। जब भारत सरकार 40 हजार किमी से ज्यादा रेल लाइन का विद्युतीकरण कर देता है तो दुनिया को भी भारत की ताकत का अहसास होता है। उन्हें लगता है देश बदल रहा है। आज जब भारत डिजिटल पेमेंट का रिकॉर्ड बना रहा है। आज जब भारत एल1 पॉइंट से सूरज की परिक्रमा पूरी करता है। आज जब भारत दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे ब्रिज बनाता है। आज जब सबसे ऊंचा स्टैच्यू बनाता है, तब दुनिया कहती है भारत बदल रहा है।’

11:46 AM, 09-JUL-2024

‘दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप ईकोसिस्टम भारत में’

प्रधानमंत्री ने कहा ‘ये भी एक संयोग है कि सरकार के कई लक्ष्यों में भी तीन का अंक छाया हुआ है। सरकार का लक्ष्य है तीसरे टर्म में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना। सरकार का लक्ष्य है तीसरे कार्यकाल में गरीबों के लिए तीन करोड़ आवास बनाना। सरकार का लक्ष्य है तीसरे कार्यकाल में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाना। ये लक्ष्य देखने में बड़े लग सकते हैं। लेकिन आप लोगों के होते ये छोटे लगने लगते हैं। आज का भारत जो लक्ष्य ठान लेता है, उन्हें पूरा कर के ही रहता है। आज भारत वो देश है जो चंद्रयान को चंद्रमा पर वहां पहुंचाता है, जहां दुनिया का कोई देश नहीं पहुंचा है। आज भारत वो देश है, जो डिजिटल ट्रांजेक्शन का सबसे बेहतरीन मॉडल दुनिया को दे रहा है। आज भारत वो देश है, जो सोशल सेक्टर की बेहतरीन नीतियों से अपने नागरिकों का सशक्तीकरण कर रहा है। आज भारत वो देश है, जहां दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप ईकोसिस्टम है।’

11:45 AM, 09-JUL-2024

भारतीय समुदाय को पीएम मोदी ने किया संबोधित

मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा ‘मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं। मैं अपने साथ 140 करोड़ हिंदुस्तानियों का प्यार लेकर आया हूं। ये बहुत सुखद है कि तीसरी बार सरकार में आने के बाद भारतीय समुदाय से मेरा पहला संवाद यहां मॉस्को में आपके साथ हो रहा है। (हमारा नेता कैसा हो, मोदीजी जैसा हो के नारे लगे) आज वैसे 9 जुलाई है। आज मुझे शपथ लिए पूरा एक महीना हुआ है। आज से ठीक एक महीने पहले नौ जून को मैंने तीसरी बार भारत के पीएम पद की शपथ ली थी और उसी दिन मैंने एक प्रण लिया था। मैंने प्रण किया था कि अपने तीसरे कार्यकाल में मैं तीन गुना ताकत से काम करूंगा।’