बिहार: सृजन घोटाले में गिरफ्तार नाजिर महेश मंडल की अस्पताल में मौत

भागलपुर। एक हजार करोड़ रुपये के सृजन घोटाले में गिरफ्तार नाजिर महेश मंडल की रविवार देर रात भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई। सृजन घोटाले में उसे बीते रविवार को गिरफ्तार किया गया था। जेल में ही हालत बिगड़ने पर उसे रात 8.30 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था।

मंडल की मौत के बाद उसके परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। नाजिर महेश मंडल की किडनी खराब थी। उसका इलाज पहले से ही मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में चल रहा था। महेश मंडल ने गिरफ्तारी के दो दिन पहले ही डायलिसिस कराई थी। वहीं जेल प्रशासन ने दो दिन पहले जिला प्रशासन से मंडल का इलाज बाहर कराने का अनुरोध किया था।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान भी मंडल को डायलिसिस की जरूरत पड़ी थी। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच मशाकचक स्थित एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया था, जहां उसका डायलिसिस किया गया था। इस दौरान नाजिर के परिवार के कई लोग मौजूद थे। सृजन घोटाले में पुलिस ने 18 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया है, जिसमें एक आरोपी की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *