लास वेगास में गोलीबारी में 58 मारे गए, 500 जख्मी

अमेरिका के लास वेगास में एक संगीत समारोह के दौरान एक व्यक्ति द्वारा की गई गोलीबारी में कम से कम 58 लोगों की मौत हो गई और 500 से अधिक लोग घायल हो गए। आधुनिक अमेरिकी इतिहास में यह अब तक गोलीबारी की सबसे घातक घटना है। पुलिस ने कहा कि बंदूकधारी की पहचान स्थानीय निवासी 64 वर्षीय स्टीफन पैडॉक के तौर पर हुई है। हमलावर ने एक संगीत समारोह स्थल के बगल में मैंडले बे की 32वीं मंजिल से गोलीबारी की थी। इस्लामिक स्टेट समूह ने लास वेगास हमले की जिम्मेदारी ली है। इस्लामिक स्टेट की प्रचार एजंसी ‘अमाक’ ने दावा किया कि पैडॉक कुछ महीने पहले धर्मांतरित होकर मुसलमान बन गया था। हालांकि उसने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिए।अमेरिका ने इस्लामिक स्टेट के दावे को खारिज कर दिया है। एफबीआइ के लास वेगास कार्यालय के प्रभारी एजंट आरोन राउस ने कहा कि जैसे ही यह घटना सामने आई तो हम इस नतीजे पर पहुंचे कि इस घटना का अंतरराष्ट्रीय आतंकी समूह से कोई संबंध नहीं है।

लास वेगास मेट्रोपोलिटन पुलिस विभाग ने एक बयान में बताया कि करीब 406 लोगों को घटनास्थल के आसपास के इलाके के अस्पतालों में ले जाया गया। बाद में यह आंकड़ा 500 से ज्यादा पहुंच गया। पहले गोलीबारी में 50 लोगों के मारे जाने की बात कही है। पुलिस ने इससे पहले घायलों की संख्या 200 बताई थी। बहरहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि इन 500 लोगों में क्या कोई ऐसा भी व्यक्ति शामिल हैं, जिसे बाद में अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
लास वेगास के शेरिफ जोसफ लोमबार्डो ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गोलीबारी करने वाले व्यक्ति ने होटल में उसके कमरे तक अधिकारियों के पहुंचने के पहले ही खुद को भी खत्म कर लिया। उन्होंने कहा- हमारा मानना है कि उस व्यक्त ने हमारे पहुंचने के पहले ही खुद को खत्म कर लिया। उसके कमरे से आठ से ज्यादा राइफलें मिली हैं। उसने होटल की 32वीं मंजिल से गोलीबारी की थी।

स्मार्ट फोन से ली गई फुटेज में दिख रहा है कि गोलीबारी अंतरराष्ट्रीय समयानुसार सोमवार सुबह पांच बजे शुरू हुई। गोलियों की आवाज आने के बाद लोग चिल्लाने लगे और दहशत में भागने लगे। लोमबार्डो ने कहा कि पुलिस और एफबीआइ अब भी पैडॉक की भूमिका की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पैडॉक की एक महिला मित्र के बारे में पता लगा है। इसको एक ऐसी शख्सियत बताया गया है जो पुलिस के काम की हो सकती है। मैंडले बे के बराबर में हजारों प्रशंसक संगीत समारोह में शिरकत कर रहे थे। यह तीन दिवसीय लोकसंगीत उत्सव का हिस्सा है जिसे ‘रूट 91’ के तौर पर जाना जाता है।
चश्मदीदों ने बताया कि पैडॉक ने पहले देर तक गोलीबारी की और फिर से लगता है कि उसने बंदूक को रीलोड किया और फिर से गोलीबारी की। मोनिक डिकर्फ ने सीएनएन को बताया कि हमने कांच टूटने जैसी आवाज सुनी तो हम यहां-वहां यह देखने लगे कि क्या हुआ है और फिर सुना की गोली चली, गोली चली, गोली चली। उस समय काफी लोकप्रिय गायक जेसन एल्डीन स्टेज पर थे और जब गोलीबारी शुरू हुई तब वे अपना संगीत समारोह खत्म करने वाले थे।
अमेरिका के इतिहास में यह गोलीबारी की सबसे घातक घटना बन गई है। गोलीबारी की पिछली सबसे घातक घटना जून 2016 में हुई थी जब ओरलैंडो के एक नाइट क्लब में गोलीबारी में 49 लोगों की मौत हुई थी।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लोगों से एकता का आह्वान करते हुए कहा कि त्रासदी और खौफ के क्षणों में अमेरिका ने हमेशा एकजुटता दिखाई है। राष्ट्रपति ने देश के नाम अपने संबोधन में कहा कि यह पूरी तरह बुरे लोगों की करतूत है। ट्रंप ने आदेश जारी किया है कि वाइट हाउस और दूसरी संघीय इमारतों पर अमेरिकी ध्वज झुका दिए जाएं। उन्होंने कहा कि वह कानून प्रवर्तन एजंसी, सबसे पहले कदम उठाने वालों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के लिए बुधवार को लास वेगास जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *