अजय देवगन की इस फिल्म में बॉबी देओल को ‘भगत सिंह’ बनाना चाहते थे सनी पाजी, लेकिन…

7 जून 2002 को बॉलीवुड में भगत सिंह के ऊपर दो फिल्में एक साथ रिलीज हुई थी। ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ और ’23 मार्च 1931 शहीद’ नाम की ये फिल्में एक ही दिन रिलीज की गई थी। ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ के डायरेक्टर राजकुमार संतोषी और सनी देओल काफी अच्छे दोस्त माने जाते थे। संतोषी ने सनी देओल को लेकर कई सुपरहिट फिल्में बनाई है। संतोषी चाहते थे कि उनकी फिल्म ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ में सनी देओल चंद्रशेखर आजाद का रोल प्ले करें। सनी देओल ये रोल करने के लिए राजी भी हो गए थे। लेकिन उनकी एक शर्त थी वो चाहते थे कि इस फिल्म में भगत सिंह का रोल उनके छोटे भाई बॉबी देओल निभाए। वहीं राजकुमार संतोषी ने इस फिल्म में अजय देवगन को लेने का मन बना लिया था। इससे पहले संतोषी अजय के साथ ‘लज्जा’ फिल्म कर चुके थे। उसी दौरान उन्होंने अजय देवगन को देखकर यह फैसला कर लिया था कि वो उनके साथ ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ बनाएंगे।

इस वजह से राजकुमार संतोषी को अपना भगत सिंह किसी और एक्टर में नहीं दिख रहा था। वह इस रोल के लिए अजय को फाइनल कर चुके थे। संतोषी के इस फैसले के बाद सनी देओल ने उनके फिल्म में काम करने से इनकार कर दिया। इसके बाद से ही संतोषी और सनी के बीच मनमुटाव की खबरें मीडिया में सुर्खियां बटोरने लगी। यह बात कंफर्म तब हो गई जब सनी देओल ने भी भगत सिंह के ऊपर फिल्म बनाने का ऐलान कर दिया।

राजकुमार संतोषी से सनी इतने खफा हो गए कि उन्होंने फिल्म की रिलीजिंग डेट भी उसी दिन रखी थी जिस दिन राजकुमार ने अपनी फिल्म की रिलीजिंग डेट रखी थी। ऐसे में सभी को इंतजार था दोनों फिल्म के रिलीज होने का। फिल्म रिलीज हुई और लोगों ने बॉबी देओल से ज्यादा अजय देवगन को इस रोल में पसंद किया। ‘द लेजेंड ऑफ भगत सिंह’ के लिए अजय देवगन को नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया तो वहीं राजकुमार संतोषी को फिल्मफेयर ने बेस्ट डायरेक्टर के अवॉर्ड से सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *