AAP सांसद संजय सिंह ने बताया- पीएम नरेंद्र मोदी कहां से लड़ेंगे चुनाव, लोगों ने कर दिया ट्रोल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 का लोकसभा चुनाव वाराणसी से लड़ा था। अगले साल होने वाले आम चुनाव को लेकर अभी से ही कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने भी वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में पीएम मोदी के संभावित संसदीय क्षेत्र को लेकर टिप्पणी की है। AAP नेता ने ट्वीट किया, ‘मोदी जी अगला चुनाव लंदन से लड़ेंगे…जोरदार तैयारी चल रही है।’ सोशल साइट में संजय सिंह की टिप्पणी सामने आते ही लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। प्रिंस कुमार सैम ने लिखा, ‘AAP युगांडा से लड़ेगी।’ ललित कुमार ट्वीट किया, ‘ये जलवा है नरेंद्र मोदी का, लेकिन आप जैसे लोग समझ नहीं पाएंगे। आप तो बस माफी मांगते रहिए।’ गौरव शुक्ला ने लिखा, ‘बाबू वो मोदी जी हैँ। वह इस दुनिया के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक हैं। लंदन क्या अमेरिका से भी चुनाव लड़ेंगे तो जीत जाएंगे। तुम लोग अपनी देखो? सुना है अब दिल्ली पुलिस के सिपाहियों के सामने भी नाक रगड़ने वाले हो।’ प्रताप कुमार ने ट्वीट किया, ‘देखा कैसे मन में लड्डू फूटने लगे हैं। जैसे मोदीजी तो गए लंदन और भारत की जनता के पास अब आप के अलावा कोई चारा नहीं। भारत के प्रधानमंत्री तो मोदीजी ही रहेंगे।’ एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, ‘इसी बात पर गरमा-गरम माफी हो जाए एक।’

नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में गुजरात के साथ उत्तर प्रदेश के वाराणसी से भी चुनाव लड़ा था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें चुनौती दी थी। केजरीवाल को विपक्षी दलों का समर्थन हासिल था, लेकिन मोदी ने बड़ी जीत हासिल की थी। बता दें कि कुछ दिनों पहले पीएम मोदी के पटना से लोकसभा चुनाव लड़ने की बात चली थी। हालांकि, इसकी अभी तक पुष्टि नहीं की गई है। पीएम नरेंद्र मोदी यूरोप के दौरे पर हैं। वहां वह राष्ट्रमंडल शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। नॉर्डिक देशों की यात्रा के बाद पीएम मोदी ब्रिटेन पहुंचे हैं। उन्होंने प्रिंस चार्ल्स के साथ ही ब्रिटिश प्रधानमंत्री थेरेसा मे से भी मुलाकात की है। दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *