अजिंक्य रहाणे के पिता ने कार से महिला को कुचला, जमानत पर छूटे

महाराष्ट्र के कोल्हापुर में शुक्रवार सुबह टीम इंडिया के अहम सदस्य और टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे के पिता की कार से एक महिला का एक्सीडेंट हो गया। घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। कोल्हापुर पुलिस ने अजिंक्य रहाणे के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। कुछ घंटों बाद रहाणे के पिता जमानत पर रिहा हो गए। जिस वक्त ये हादसा हुआ, उस वक्त पूरा रहाणे परिवार कार में मौजूद था। ये लोग कार से मुंबई जा रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अजिंक्य रहाणे के पिता मधुकर बाबूराव रहाणे तड़के चार बजे नेशनल हाईवे 4 पर अपनी हुंडई आई-20 से जा रहे थे। कहा जा रहा है कि उस समय उनकी कार की रफ्तार काफी तेज थी। कंगल इलाके में उन्होंने कार पर अपना नियंत्रण खो दिया और आशा काम्बले नाम की महिला को टक्कर मार दी। आशा इस टक्कर से बुरी तरह से घायल हो गईं। बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान आशा ने दम तोड़ दिया।

ये खबर अजिंक्य रहाणे के लिए दुखद है क्योंकि वो इस वक्त टीम इंडिया के साथ हैं और श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रहे हैं। साथ ही उन्हें दो हफ्ते बाद द.अफ्रीका दौरे के लिए भी रवाना होना है। अब उनका परिवार इस मुसीबत में पड़ गया है ऐसे में ये देखने वाली बात है कि वो क्या करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *