Asian Games 2018: तेजिंदर पाल सिंह ने रचा इतिहास, भारत को दिलाया 7वां गोल्ड

भारत के तेजिन्दर पाल सिंह तूर ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार (25 अगस्त) को शॉट पुट स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। तूर ने एशियाई रिकॉर्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने 20.75 मीटर के साथ भारत का परचम लहराया। भारत का इस एशियाई खेलों में यह सातवां स्वर्ण पदक है।

23 साल के तेजेन्दर ने यहां जीबीके मेन स्टेडियम में पहले प्रयास में 19.96, दूसरे प्रयास में 19.15 मीटर का थ्रो किया। हालांकि तीसरा प्रयास उनका फाउल रहा। लेकिन उन्होंने चौथे प्रयास में 19.96 और पांचवें प्रयास में 20.75 का रिकॉर्ड थ्रो किया।

भारतीय नौ सेना में काम करने वाले पंजाब के मोगा जिले के तेजिन्दर पाल ने पिछले साल एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। वह गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में हालांकि निराशाजनक तौर पर आठवें स्थान पर रहे थे। इसी स्पर्धा में चीन के लियू यांग ने 19.52 मीटर के साथ रजत पदक और कजाकिस्तान के इवानोव इवान ने 19.40 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

स्क्वॉश में तीन मेडल: एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को स्क्वॉश में तीन कांस्य पदक प्राप्त हुए। दीपिका पल्लीकल और जोशना चिनप्पा ने महिला एकल वर्ग जबकि सौरभ घोषाल ने पुरुष एकल वर्ग में पदक जीता। भारत के तीनों खिलाड़ियों को सेमीफाइनल मुकाबले में हार झेलनी पड़ी और कांस्य से संतोष करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *