बिहार में अपने भाई को बाँधने के लिए राखी खरीदकर लौट रही महिला की गोली मारकर कर दी हत्या


बिहार के कटिहार जिले से बुरी खबर है। यहां पर बाजार से अपने भाई की कलाई पर बांधने के लिए राखी खरीदकर लौट रही एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने वाले शख्स की पहचान नहीं की जा सकी है। कटिहार जिले के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि महिला की पहचान 22 वर्षीय प्रियंका कुमारी के तौर पर हुई है। हादसा संत कॉलोनी के पास उस वक्त हुआ जब वह अपनी बहन के साथ घर की तरफ लौट रही थी।

एसपी ने बताया, गोली चलाने वाले ने अपना चेहरा रुमाल से ढक रखा था। उसने संत कॉलोनी के पास दोनों बहनों को रोका। रोकने के बाद उसने मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब प्रियंका ने मोबाइल छीनने का विरोध किया तो हमलावर ने गोली चला दी। गोली से प्रियंका को गंभीर चोट लगी। वह जमीन पर गिरकर तड़पने लगी। इसके बाद तुरंत हमलावर वहीं से फरार हो गया।

प्रियंका की बहन की गुहार पर आसपास रहने वाले मदद के लिए आगे आए और उसे सदर अस्पताल ले गए। जहां उसकी बिगड़ती हालत देखकर उसे कटिहार मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। जबकि महिला को गोली मारने वाला शख्स मोबाइल फोन छीनने के बाद तत्काल मौके से फरार हो गया। हत्‍या के अज्ञात आरोपी की तलाश में पुलिस ने धरपकड़ तेज कर दी है। एसपी ने बताया कि मौके पर साक्ष्य की तलाश के लिए स्निफर डॉग को भी बुलाया गया है। पुलिस इस मामले की हर कोण से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *