बिहार में बदमाशों ने लड़की के साथ सरेआम छेड़खानी कर बनाया वीडियो और कर दिया वायरल

बिहार में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब मोतिहारी जिले में एक लड़की से छेड़छाड़ का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में सात लड़के लड़की के साथ सरेआम छेड़खानी करते नजर आ रहे हैं। लड़की से छेड़खानी करने वालो बदमाशों ने ही यह वीडियो बनाया और फिर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इतना ही नहीं छेड़खानी का वीडियो बनाने के बाद बदमाशों ने लड़की के पिता को ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बदमाशों ने लड़की के पिता से 50,000 रुपये की डिमांड की। लड़की के पिता की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने छेड़खानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

यह है मामला: मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना मोतिहारी के भगवानपुर थाना क्षेत्र की है। लड़की अपने दोस्त के साथ इस इलाके में घूम रही थी, तब ही 7 बदमाशों ने उन्हें पकड़ लिया। बदमाशों ने लड़की के दोस्त की पिटाई भी की और लड़के के सामने ही उसके साथ अभद्र हरकतें भी की। बदमाशों ने इस पूरी घटना का एक वीडियो भी बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित लड़की काफी दहशत में आ गई। दहशत की वजह से लड़की ने कॉलेज भी जाना छोड़ दिया है।

बदमाशों ने खुद को कहा समाज सुधारक: गंभीर बात यह है कि जो वीडियो सामने आया है उसमें यह बदमाश खुद को समाज सुधारक कह रहे हैं। लड़की से छेड़खानी और लड़के की पिटाई के वक्त यह बदमाश कह रहे हैं कि हम समाज सुधार रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार इस कदर खौफ में है कि लड़की के पिता ने थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के बजाए कोर्ट के माध्यम से मामला दर्ज कराया है।

आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों से प्रदेश में महिलाओं के साथ छेड़खानी के मामले काफी बढ़े हैं। राज्य के विभिन्न जिलों मसलन – कैमूर, जहानाबाद, गया, सासाराम, नालंदा जिलों से भी ऐसे ही वीडियो वायरल हुए थे। वायरल वीडियो में बदमाश लड़की से छेड़छाड़ करते नजर आ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *