कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव LIVE: राहुल गांधी ने दाखिल किया नामांकन, सोनिया और मनमोहन सिंह मुख्य प्रस्तावक

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को यानी आज कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल कर दिया है। इस मौके पर पार्टी के दिग्गज नेता भी पार्टी मुख्यालय भी मौजूद हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पंजाब के सीएम अमरिंदर सिंह, कर्नाटक के सिद्धारमैया, हिमाचल प्रदेश के वीरभद्र सिंह, पुडुचेरी के वी.नारायणस्वामी, मेघालय के मुकुल संगमा और वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस मौके पर मौजूद हैं। राहुल गांधी की उम्मीदवारी के लिए प्रस्तावकों में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी शामिल हैं।

कांग्रेस के राज्यों के प्रमुख, वरिष्ठ नेता व प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रतिनिधि भी राहुल गांधी के समर्थन के लिए कांग्रेस के केंद्रीय कार्यालय में मौजूद हैं। राहुल गांधी करीब 10.30 बजे कांग्रेस के मुख्यालय पहुंचे और उन्होंने नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू की। रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए केवल राहुल गांधी ही एक मात्र उम्मीदवार हैं, उनके अलावा किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया है। राहुल गांधी को किसी ने भी चुनौती नहीं दी है। संगठनात्मक चुनाव के लिए मुलापल्ली रामचंद्रन को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। रामचंद्रन ने आईएएनएस से कहा कि कई राज्यों द्वारा 90 नामांकन फार्म लिया गया है, हालांकि इसमें से किसी को अभी जमा नहीं किया गया है। नामांकन दाखिल करने के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचने से पहले राहुल गांधी मनमोहन सिंह के घर गए थे।

यहां पढ़ें Congress President Poll LIVE updates:

– राहुल गांधी द्वारा पर्चा दाखिल करने के बाद मनमोहन सिंह ने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने 19 साल तक पार्टी की सेवा की है। बेहद महान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी कांग्रेस को ऊपर ले जाएंगे।

– राहुल के अलावा किसी भी व्यक्ति ने पर्चा दाखिल नहीं किया। राहुल के साथ मनमोहन सिंह, अहमद पटेल, शीला दीक्षित, जितिन प्रसाद, वी नारायणसामी, अशोक गहलोत, तरूण गोगोई, सुशील कुमार शिंदे और ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद हैं।

– राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया। उनके साथ इस मौके पर कांग्रेस के तमाम नेता मौजूद हैं। राहुल गांधी माथे पर तिलक लगाकर पहुंचे।

– पार्टी मुख्यालय पहुंचे राहुल गांधी। उनके साथ इस वक्त सोनिया गांधी नहीं हैं। बता दें कि सोनिया गांधी 19 सालों तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। उन्होंने लगातार 19 सालों तक कांग्रेस का नेतृत्व किया।

– पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मिले राहुल गांधी। कांग्रेस मुख्यालय के सामने कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद हैं। मुख्यालय के सामने पहले ही राहुल गांधी के लिए बधाई संदेश लगा दिए गए हैं।

– कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि क्या बीजेपी में अध्यक्ष का चुनाव होता है। क्या नितिन गडकरी को बैलेट पेपर्स के द्वारा चुना गया। पहले उन्हें जवाब देना चाहिए।

– मनमोहन सिंह से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे राहुल गांधी। मनमोहन सिंह राहुल गांधी के मुख्य प्रस्तावकों में शामिल हैं। उनके अलावा सोनिया गांधी भी मुख्य प्रस्तावक हैं।

– राहुल गांधी कांग्रेस मुख्यालय के लिए रवाना। कांग्रेस बहुत दिनों से इस चुनाव का इंतजार कर रही थी। पहले कहा जा रहा था कि गुजरात विधानसभा चुनावों के बाद नया अध्यक्ष चुना जाएगा।

– नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हुई। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर है। संभावना इसी बात की है कि कोई और प्रत्याशी नामांकन नहीं करेगा, इसलिए चुनाव की नौबत नहीं आएगी। ऐसी स्थिति में नामांकन पत्रों की जांच के बाद पांच दिसम्बर को राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष घोषित किया जा सकता है। ऐसा होने पर वह अपनी मां सोनिया गांधी की जगह लेंगे जो 1998 से ही कांग्रेस अध्यक्ष हैं। सोनिया गांधी ने कांग्रेस के इतिहास में सर्वाधिक लंबे समय तक अध्यक्ष पद संभाला है।

– सूत्रों ने बताया कि राहुल नामांकन पत्र के चार सेट दाखिल करेंगे और उनमें से एक में सोनिया गांधी पहली प्रस्तावक होंगी। दूसरे नामांकन सेट में मनमोहन सिंह प्रमुख प्रस्तावक होंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल के पक्ष में 75 से ज्यादा नामांकन दाखिल किए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह के अलावा गुलाम नबी आजाद, एके एंटनी, पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, अहमद पटेल तथा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री प्रस्तावकों के रूप में पत्रों पर हस्ताक्षर करेंगे।

– कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी के पक्ष में प्रदेश इकाइयों और संबंधित संगठनों के अलावा पार्टी के सभी महासचिव और सीडब्ल्यूसी सदस्य नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी प्रवक्ता सुष्मिता देव ने कहा कि राहुल गांधी सोमवार को आधिकारिक रूप से नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। कांग्रेस के आतंरिक चुनाव की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी आलोचना होती रही है कि कांग्रेस का चुनाव लोकतांत्रिक है या नहीं। मेरा कहना है कि यह ऐसा चुनाव है जिसकी निगरानी भारत का निर्वाचन आयोग कर रहा है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *