कर्नाटक चुनाव: कांग्रेस ने किया अमित शाह का धन्‍यवाद, कहा- आप हमारे स्‍टार कैंपेनर बनते जा रहे हैं

कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पूरे जोर-शोर के साथ तैयारियों में जुटी हुई है। दोनों ही पार्टियां चुनावी रैलियों में एक-दूसरे पर नाकामी का ठीकरा फोड़ने में पीछे नहीं हैं। वहीं, इस बीच कांग्रेस ने बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को धन्यवाद कहा है। आप सोच रहे होंगे कि चुनावी गहमा-गहमी में ऐसा क्या हुआ है, जो कांग्रेस अमित शाह का धन्यवाद कर रही है। आपको बता दें कि कांग्रेस का मानना है कि अमित शाह कर्नाटक कांग्रेस के स्टार प्रचारक बनते जा रहे हैं।

इसे लेकर कर्नाटक कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर अमित शाह का एक वीडियो शेयर करते हुए उन्हें शुक्रिया कहा है। इस वीडियो के साथ ट्वीट में कर्नाटक कांग्रेस ने लिखा, “फिर से सच्चाई बताने के लिए आपका धन्यवाद अमित शाह। आप हमारे स्टार प्रचारक बनते जा रहे हैं।” कर्नाटक कांग्रेस ने जो वीडियो शेयर किया है, उसमें अमित शाह एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि विश्व में सिल्क उत्पादन के मामले में भारत दूसरे स्थान पर आता है, तो वहीं देश में सिल्क उत्पादन में कर्नाटक का प्रथम स्थान है।

 

कर्नाटक कांग्रेस ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार की सराहना कर रहे हैं। वहीं, इससे पहले अमित शाह का एक वीडियो और सामने आया था, जिसमें शाह यह कहते हुए दिखाई दिए थे कि भ्रष्टाचार के लिए अगर स्पर्धा कराई जाए तो येदियुरप्‍पा सरकार को भ्रष्टाचार में नंबर वन सरकार का अवॉर्ड जरूर मिलेगा। अपनी ही पार्टी के नेता के लिए ऐसी बात कह कर अमित शाह ने अन्य पार्टियों द्वारा अपना खूब मजाक उड़वाया था। अमित शाह का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया। वहीं, कांग्रेस ने भी इस वीडियो पर अमित शाह की चुटकी लेते हुए कहा था कि कौन जानता था कि अमित शाह सच भी बोल सकते हैं। शाह जी, हम सब आपसे सहमत हैं, येदियुरप्‍पा सबसे ज्यादा भ्रष्ट हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *