विपक्ष के हमले को मिली यशवंत सिन्हा की धार

सरकार की आर्थिक नीति पर भाजपा के वरिष्ठ और बेबाक नेता यशवंत सिन्हा की तीखी टिप्पणी ने कांग्रेस को बरसने का मौका दे दिया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर आम लोगों की दुर्दशा को नजरंदाज करने और कुछ लोगों के हित का खयाल रखने का आरोप लगाया। उन्होंने इसके लिए भाजपा नेता यशवंत सिन्हा की टिप्पणी को उद्धृत किया, जिन्होंने अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर केंद्र की आलोचना की है। पूर्व वित्त मंत्री सिन्हा ने ‘अब मुझे बोलने की जरूरत है’ शीर्षक अपने आलेख में वित्त मंत्री अरुण जेटली की कड़ी आलोचना की है। गुजरात के सुंदरनगर जिले में चोटिला के निकट एक छोटी जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने इस आलेख के जरिए मोदी और जेटली पर निशाना साधा। गांधी ने गुजरात की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के आखिरी दिन कहा, मैंने आज वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा का एक आलेख पढ़ा। उन्होंने लिखा है कि मोदी जी और जेटली जी ने भारतीय अर्थव्यवस्था का विनाश कर दिया। यह मेरे विचार नहीं हैं बल्कि यह भाजपा नेता की राय है। मोदी के गृह राज्य में इस साल चुनाव होना है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, उन्होंने यह भी लिखा है कि भाजपा नेता जानते हैं कि देश गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है, फिर भी कोई बोलने को तैयार नहीं है, क्योंकि वे मोदी जी से डरे हुए हैं। गांधी ने दावा किया कि देश की अर्थव्यवस्था मुश्किल में है क्योंकि भाजपा सरकार आम लोगों की बात नहीं सुनती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर चुटकी लेते हुए गांधी ने कहा, यह इसलिए हुआ है कि भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं, श्रमिकों, कारोबारियों और महिलाओं की कभी सुनी ही नहीं, जो इस देश को चलाते हैं। भाजपा के लोग केवल कारोबारियों की सुनते हैं और इसके बाद लोगों से अपने ‘मन की बात’ करते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने भी केंद्र की हुकूमत पर तीखा प्रहार किया है। उनका कहना है कि सरकार आर्थिक गिरावट की स्थिति से बेखबर है। सांसद से लेकर उद्योगपति तक अर्थव्यस्था की खराब सेहत से चिंतित हैं। लेकिन इस सरकार के डर से कोई खुलकर बोल नहीं रहा। उन्होंने ऐसे तमाम लोगों से अपील की कि उन्हें डर छोड़कर, इस हालत को लेकर अपनी बात सामने रखनी चाहिए।

कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को चिदंबरम ने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री यशवन्त सिन्हा ने अर्थव्यवस्था की हालत को लेकर जो कुछ कहा है वह बिल्कुल सही है। कांग्रेस पिछले काफी समय स यही बाते कहती आ रही है। उन्होंने कहा कि हम जब अर्थव्यवस्था के बारे में बोलते थे तो हमसे चुप हो जाने को कहा जाता था। लेकिन कांग्रेस बिल्कुल चुप नहीं रहेगी और सरकार ने जो घातक रास्ता चुना है उसके बारे में खुलकर बोलती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *