पुलिसकर्मी ने किया वर्दी को शर्मसार! 7 साल की मासूम से रेप के आरोप में पुलिसकर्मी की भीड़ ने जमकर की धुनाई और कराया गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में एक पुलिसकर्मी ने वर्दी को फिर से शर्मसार किया है। यहां के गौतमबुद्ध नगर जिले में सेल्स टैक्स विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत एक़ शक्स पर सात साल की बच्ची का बलात्कार करने का आरोप लगा। गुरुवार को मामले की जानकारी पर भीड़ ने आरोपी कांस्टेबल को धर दबोचा और उसकी जमकर धुनाई कर दी। आसपास के लोगों ने इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कराया गया। सुभाष सिंह (45) यहां सेल्स टैक्स विभाग में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। बुधवार दोपहर तीन बजे सूरजपूर इलाके में रहने वाली सात साल की मासूम अपने घर के पास खेल रही थी। अचानक सुभाष वहां पहुंचा और उसे जबरन अपने कमरे पर ले आया। घटना के दौरान बच्ची के आसपास कोई भी मौजूद नहीं था। जोर-जबरदस्ती के दौरान वह चीखी-चिल्लाई, तब जाकर आसपास के लोगों को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। वे फौरन घटनास्थल के पास पहुंचे।

आरोपी के घर के पास में रहने वाले एक शख्स ने इस बारे में बताया कि बच्ची बेहद बुरी स्थिति में उन्हें मिली थी। जबकि, आरोपी पुलिसकर्मी वहां से फरार हो चुका था। उसी पड़ोसी के अनुसार, आरोपी सुभाष गुरुवार सुबह चार बजे कमरे पर लौटा था। दो पड़ोसी महिलाओं ने उसे पकड़ने की कोशिश की, मगर वह उन्हें धक्का देकर भाग निकला। बाद में तकरीबन 100 लोगों की भीड़ ने मिलकर उसका पीछा किया और फिर उसे धर दबोचा। वह इस दौरान वर्दी में था। लोग आक्रोश में उसे दो घंटों तक पीटते रहे। थोड़ी देर इस बारे में पुलिस को सूचना दी गई। आठ बजे पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 342, 376 और पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ग्रेटर नोएडा में सूरजपुर स्थित स्टेशन हाउस के अधिकारी अखिलेश प्रधान ने इस बारे में कहा कि बच्ची को पास के अस्पताल में मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट्स का इंतजार है। पूछताछ में पता लगा है कि आरोपी मूल रूप से यूपी के बलुआ में कैथी गांव का रहने वाला है। वह सूरजपुर में किराए पर कमरा लेकर रहता है। वहीं, पीड़िता सूरजपुर के स्कूल में पढ़ती है। उसके पिता नहीं है। जबकि, मां एक फैक्ट्री में दिहाड़ी पर काम करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *