आबादी के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा शहर बन जाएगी दिल्ली

भारत की राजधानी दिल्ली 2028 तक दुनिया का सबसे बड़ा शहर बन सकती है। ये दावा संयुक्त राष्ट्र ने किया है। संयुक्त राष्ट्र के ​आर्थिक और सामाजिक विभाग मामलों की जनसंख्या शाखा के निदेशक जॉन विल्मोथ ने बुधवार (16 मई) को कहा,”टोक्यो 2028 में भी दुनिया का सबसे बड़ा शहर होगा, जिसमें करीब 3 करोड़ 70 लाख लोग रह रहे होंगे। फिर भी दिल्ली 2028 में टोक्यो शहर की आबादी को पार कर जाएगी।

विल्मोथ विश्व शहरी परिदृश्य 2018 पर रिपोर्ट जारी करने के दौरान अपने अनुभवों पर बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर हम 2028 के टोक्यो को आज के परिदृश्य से महसूस करने की कोशिश करें तो हम देखते हैं कि दिल्ली में पनपती शहरी आबादी 2030 तक बढ़कर करीब 4 करोड़ हो जाएगी जबकि वर्तमान में यह 2 करोड़ 90 लाख है। टोक्यो की आबादी स्थिर रखने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसकी वजह से यह करीब 3 करोड़ 70 लाख पर ही​ स्थिर बनी रहेगी। ये दावा रिपोर्ट के साथ संलग्न आंकड़ों से भी पुष्ट होता है। विल्मोथ ने कहा,’ये जानना रोमांचक है कि ठीक इसी वक्त में भारत दुनिया की सबसे बड़ी आबादी चीन को भी पछाड़ने के लिए तैयार है।

संयुक्त राष्ट्र के पहले लगाए गए अनुमानों के मुताबिक, भारत की आबादी 2024 तक 143 करोड़ 80 लाख तक जा सकती है। जबकि चीन की आबादी उस वक्त 143 करोड़ 60 लाख होगी। शहरीकरण के आंकड़ों पर गौर करें तो पता चलेगा कि 2030 में मुंबई शहर दुनिया का छठे नंबर का सबसे बड़ा शहर होगा। 2030 में मुंबई शहर की आबादी 2 करोड़ 50 लाख होगी, जो 2015 में 1 करोड़ 90 लाख थी।

कोलकाता की रैंकिंग में 2030 तक गिरावट आएगी। उस वक्त दुनिया का 16वां सबसे बड़ा शहर होगा। जबकि 2015 के आंकड़ों के मुताबिक फिलहाल यह 13वें स्थान पर है। हालांकि उस वक्त भी शहर की आबादी 1 करोड़ 40 लाख से बढ़कर 1 करोड़ 80 लाख तक पहुंच चुकी होगी। बेंगलुरु, की रैंकिंग 2015 में 29वें बड़े शहर की थी। 2030 में ये 21वां सबसे बड़ा शहर होगा। बेंगलुरु की आबादी उस वक्त एक करोड़ से बढ़कर एक करोड़ 60 लाख हो चुकी होगी। दूसरा कोई भी भारतीय शहर दुनिया के 30 सबसे ज्यादा आबादी वाले शहरों में अपनी जगह नहीं बना सका है।

अनुमान है कि शंघाई 2030 में भी दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा शहरी इलाका बना रहेगा। उस वक्त भी उसकी आबादी 3 करोड़ 30 लाख होगी। जबकि ढाका दुनिया का चौथा सबसे बड़ा शहर होगा, जिसकी आबादी 2 करोड़ 80 लाख होगी। जबकि काहिरा शहर की आबादी 2030 में करीब 2 करोड़ 60 लाख होगी। भारत की वर्तमान ग्रामीण आबादी 8 करोड़ 93 लाख के आसपास है। ये दुनिया में सर्वाधिक ग्रामीण आबादी है। ये भारत की कुल आबादी का करीब 59.1 प्रतिशत है। उम्मीद है कि साल 2046 तक भारत की आधी से ज्यादा आबादी का शहरीकरण हो चुका होगा। तब भारत की आबादी साल 2045 तक 1 अरब 65 करोड़ के आंकड़े को पार कर चुकी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *