डीयू छात्रा से चलती कलस्टर बस में छेड़छाड़, अधेड़ शख्स ने पहले छुआ फिर करने लगा हस्तमैथुन

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की एक छात्रा के साथ चलती कलस्टर बस में एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा अश्लील हरकत (हस्तमैथुन) करने का मामला प्रकाश में आया है। छात्रा डीयू के दक्षिण परिसर स्थित एक कॉलेज से बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी व्यक्ति ने उसके निजी अंग को भी छुआ था। इस दौरान उसने चिल्लाकर अन्य यात्रियों से मदद की गुहार भी लगाई थी, लेकिन किसी यात्री ने उसकी सहायता नहीं की। हार कर छात्रा ने अश्लील हरकत कर रहे व्यक्ति का वीडिया बना लिया।

हैरानी की बात यह है कि इस वीडियो को दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय, दिल्ली पुलिस, दिल्ली पुलिस के आयुक्त, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा आदि को ट्वीटर पर टैग किया गया था, लेकिन महिला आयोग के अलावा किसी अन्य ने पीड़िता से तीन दिनों तक संपर्क नहीं किया। महिला आयोग की मध्यस्थता के बाद वसंत विहार थाना में इस बाबत मामला दर्ज हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने भी करीब छह घंटे के बाद मामला दर्ज किया।

पीड़िता ने बताया कि वह हर दिन की तरह बीते सात फरवरी को वसंत गांव से कलस्टर बस रूट नंबर 774 में सवार हुई थीं। छात्रा अगले गेट से सवार हुई थीं और दूसरे नंबर की सीट पर बैठ गई थीं। पहले से ही उस सीट पर एक महिला बैठी हुई थीं। महिला के उतरने के बाद करीब 45 साल का एक व्यक्ति उस सीट पर उसके बगल में बैठ गया। पीड़िता का आरोप है कि चंद मिनट बाद वह उसके निजी अंग को छूने लगा। छात्रा चिल्लाने लगी। बेखौफ आरोपी यहीं नहीं रुका और वह हस्तमैथुन करने लगा। हैरानी की बात यह है कि छात्रा मदद मांगती रही और यात्रियों को अंग्रेजी में समझाने की कोशिश करती रही थी। पर किसी ने उसकी मदद नहीं की।

बहादुर छात्रा ने आरोपी की अश्लील हरकत की अपने मोबाइल के कैमरे से वीडियो बना ली और इतना ही नहीं उसने इस वीडियो का ट्वीटर पर भी अपलोड कर दिया। उसके बाद उसने इस घटना की जानकारी अपने दोस्तों को दी। उसके बाद दिल्ली महिला आयोग की एक टीम ने उससे संपर्क साधा और 10 फरवरी को वसंत विहार थाने पहुंचे आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की छानबीन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *