शादी से पहले दूसरे समुदाय के लड़के के साथ भागी लड़की तो आक्रोशित लोगों ने प्रेमी समेत तीन का घर जलाया

उत्तर प्रदेश के बरेली में दूसरे समुदाय के लड़के के साथ लड़की के भाग जाने की घटना के बाद तनाव पैदा हो गया। आक्रोशित लोगों ने प्रेमी सहित दूसरे समुदाय के तीन लोगों का घर जलाकर खाक कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज किया है। तनाव को देखते हुए इलाके में फोर्स तैनात है। घटना बहेड़ी के नदेली गांव की है।

स्थानीय मीडिया, रिपोर्ट के मुताबिक गांव की लड़की की शादी होने वाली थी। घरवाले इसकी तैयारियों में जुटे थे। इस बीच लड़की दूसरे समुदाय के प्रेमी के साथ भाग गई। जिसके बाद लड़की के घर के लोग आक्रोशित हो उठे। लड़के के दूसरे समुदाय से नाता रखने के चलते मामले को एक पक्ष ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया। दर्जनों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने प्रेमी के घर धावा बोल दिया। इस दौरान उन्होंने तीन घर जला दिए। इस दौरान प्रेमी के परिवार से जुड़े क्लीनिक पर भी तोड़फोड़ की।

लड़की के परिवार के मुताबिक 21 मार्च को शादी थी। जिसकी तैयारियां चल रही थीं। मगर दूसरे समुदाय का लड़का बहला-फुसलाकर लड़की को भगा ले गया। शादी के लिए घरवालों ने एक लाख रुपये के जेवर खरीदे थे और 50 हजार की नकदी की व्यवस्था की थी, वह पैसा भी लड़की अपने साथ लेकर चली गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जोगेन्द्र कुमार ने बताया कि गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *