Viral Video: 90 साल की दादी को बुरी तरह पीटती रही पोती और पड़ोसी बनाता रहा वीडियो

केरल के कन्नूर में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बेरहमी से पीटा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स में पीटने वाली महिला को बुजुर्ग महिला की पोती बताया जा रहा है। टाइम्स नाउ की खबर के मुताबिक पुलिस ने बुजुर्ग महिला की 40 वर्षीय पोती दीपा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिनमें संपत्ति को गैरकानूनी तरीके से हथियाने का भी आरोप शामिल किया गया है, जिसके लिए महिला हकदार भी नहीं बताई जाती है। पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग महिला की पहचान कल्याणी के तौर पर हुई है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वीडियो में बुजुर्ग महिला की पीटे जाने पर चीखने की आवाजें सुनाई देती हैं। महिला के एक पड़ोसी ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से शूट कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए एक एफआईआर दर्ज कर ली है।

वीडियो में रोती-बिलखती कल्याणी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उसकी पोती उसे रोजाना पीटती है जिससे उसे पूरे शरीर में जख्म हो गए हैं। 2016 में एक ऐसी ही वीडियो क्लिप उस समय वायरल हो गई थी जब दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालका जी में एक बेटी को उसकी 85 वर्षीय मां को पीटते हुए देखा गया था। उस घटना को भी एक पड़ोसी ने रिकॉर्ड किया था, उसने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस की एक टीम बुजुर्ग महिला के घर भेजी गई थी, लेकिन महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से मना कर दिया था।

केरल की बुजुर्ग महिला का वी़डियो कायलपटनम नाम की फेसबुक प्रोफाइल पर अपलोड किया गया है। वीडियो थोड़ा धुंधला है लेकिन बुजुर्ग महिला पर किस तरह उसकी पोती जुल्म ढा रही है, यह साफ देखा जा सकता है। फिलहाल यह जानकारी नहीं लग पाई है कि आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है या नहीं। खबर लिखे जाने तक इस घटना की इतनी ही जानकारी लग पाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *