गुजरात में मारपीट का आरोप लगते हुए पुलिस से भिड़ी युवती का वीडियो हो रहा है वायरल

गुजरात में महिलाओं और पुलिस के बीच भिड़ंत का एक वीडियो वायरल हो रहा है। महिलाओं ने पुलिस पर थाने में मारपीट करने का आरोप लगाया है। यह मामला अहमदाबाद के नरोडा पुलिस स्टेशन का है। वीडियो के सोशल मीडिया में वायरल होने पर महिलाओं के खिलाफ जांच में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार भी कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 15 महिलाएं तीन पुरुषों के साथ अहमदाबाद में रहती हैं। तीन में से एक व्यक्ति एक दिन शराब के नशे में धुत होकर पहुंचा था, जहां पड़ोसियों से उसकी बहस हो गई थी। युवक की पहचान विनोद कुमार के तौर पर की गई है। पड़ोसियों ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी थी। इसके बाद विनोद को गिरफ्तार कर लिया गया था। महिलाएं थाने पहुंच कर विनोद को छोड़ने की मांग करने लगीं। पुलिस और महिलाओं के बीच इसको लेकर बहस हो गई थी। पुलिस ने उन पर थाने में हंगामा करने का आरोप लगाया। बता दें कि गुजरात में शराब प्रतिबंधित है।

 

महिलाओं ने पुलिस पर लगाया मारपीट का आरोप: महिलाओं ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने सिर्फ पुरुष पुलिसकर्मियों के भी होने की बात कही है। आक्रोशित महिलाओं में से एक ने कहा, ‘पुलिस ने लड़कियों से छेड़खानी करने वालों से तीन हजार रुपये घूस लेकर उन्हें छोड़ दिया और युवतियों को बचाने वाले को थाने के लॉकअप में बंद कर दिया। हमलोगों ने उसको (विनोद) थाने में बंद करने का विरोध किया तो हमारे साथ हाथापाई की गई। पुलिसकर्मियों ने बाल नोचते हुए लड़कियों के साथ मारपीट की है।’ महिलाओं ने बताया कि एक व्यक्ति लड़कियों से छेड़खानी करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसवालों ने उससे पैसा लिया और जाने दिया। कुछ दिनों पहले ही उत्तर प्रदेश में एक युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया था। मनचलों ने युवती के मंगेतर के साथ भी दुर्व्यवहार किया था। वीडियो वायरल होने के बाद यह वाकया सामने आया था। यह घटना तब हुई जब राज्य में मनचलों से निपटने के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया है। दिल्ली में एक बस में लड़की से सरेआम छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *