Hindi Diwas 2017: उपराष्ट्रपति सहित केन्द्रीय मंत्रियों और नेताओं ने गिनाई हिंदी की महानता

14 स‍ितंबर 1949 को संव‍िधान सभा ने हिंदी को भारत की आध‍िकार‍िक भाषा का दर्जा द‍िया था। इसके बाद से इस दिन हिंदी दिवस मनाया जाने लगा। संव‍िधान के अनुच्‍छेद 343 के तहत देवनागरी ल‍िप‍ि में ल‍िखी जाने वाली हिंदी को सरकारी कामकाज की भाषा (अंग्रेजी के अत‍िर‍िक्‍त) के रूप में मान्‍यता दी गई। लोग सोशल मीडिया के जरिए हिंदी दिवस की बधाई दे रहे हैं। हिंदी दिवस टि्वटर पर ट्रेंड भी कर रहा है। टि्वटर पर दो हैशटेग ‘#हिंदी_दिवस’ और ‘#HindiDivas’ के साथ हिंदी दिवस ट्रेंड कर रहा है। टि्वटर पर देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू सहित कई मंत्रियों ने हिंदी दिवस की बधाई दी है।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी टि्वटर के जरिए देशवासियों को हिंदी दिवस की बधाई दी है। उन्होंने लिखा है, ‘हिन्दी दिवस के अवसर पर देश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं। हिन्दी अति उदार, समझ में आने वाली सहिष्णु भाषा है। हिन्दी दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है। यह अपने आप में पूर्ण रूप से एक समर्थ और सक्षम भाषा है।’ दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा है, ‘हमें हिन्दी साहित्य का अन्य भारतीय भाषाओं में और उन भाषाओं के साहित्य का हिन्दी भाषा में अनुवाद को प्रोत्साहन देना चाहिए।’ उपराष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट किया है, ‘भाषा किसी भी राष्ट्र की सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहर की संवाहिका है और सम्पूर्ण राष्ट्र की एकता और अखंडता की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।’

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया है, ‘हिंदी भाषा विश्व में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में से एक है और हमें हमारी राजभाषा हिंदी पर गर्व करना चाहिए। #हिंदीदिवस’। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा है, ‘हिन्दी दिवस की बधाई, शुभकामनाएँ! हृदय की भावनाओं को भाव और शब्द प्रदान कर विचारों के पुष्पों को महकाने वाली भाषा हिन्दी को नमन।’ हिंदी दिवस के मौके पर देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने लीला ऐप से हिंदी सीखने और बोलने की जानकारी देते हुए टि्वटर पर लिखा है, ‘लीला ऐप से विभिन्‍न भाषाओं के माध्‍यम से हिंदी सीखने में सुविधा और सरलता होगी तथा हिंदी भाषा को समझना, सीखना तथा कार्य करना संभव हो सकेगा।’ कांग्रेस के सांसद ज्योतिरादित्य माधवराव सिंधिया ने भी हिंदी दिवस के मौके पर ट्वीट किया है, ‘भावनाओं की अभिव्यक्ति के लिये मुझे हिंदी सबसे सहज और सरल भाषा लगती है – #हिंदीदिवस की सभी को शुभकामनाएं!’ इनके अलावा केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और सुरेश प्रभु ने भी टि्वटर के जरिए देशवासियों को हिंदी दिवस की बधाई दी है।

वहीं कुछ अन्य लोगों ने भी हिंदी दिवस पर टि्वटर के सहारे लोगों को इस दिन की बधाई दी है। राष्ट्रवादी अभिषेक नाम के यूजर ने ट्वीट किया है, ‘हिंदी केवल हमारी राजभाषा ही नहीं, हिंदी हमारी अस्‍मिता की पहचान है, हमारी मातृ भाषा है, जिसके उपयोग पर शर्म नहीं गर्व होना चाहिए।’ पंकज देवनानी नाम के एक टि्वटर यूजर ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद का एक कथन लिखा है, ‘एक देश जो अपनी भाषा और साहित्य पर गर्व नहीं करता, वह कभी भी विकास नहीं कर सकता।’ आम आदमी पार्टी से निकाले गए कपिल मिश्रा ने भी हिंदी दिवस की बधाई टि्वटर पर दी है। पत्रकार रूबिका लियाकत ने ट्वीट किया है, ‘हिन्दी हैं हम वतन हैं, हिन्दोस्तां हमारा। सारे जहाँ से अच्छा, हिन्दोस्तां हमारा…’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *