दूसरे शख्स का मैसेज देख ऐसा भड़का गुस्सा कि कुल्हाड़ी से पत्नी के काट डाले हाथ

रूस में एक पति ने गुस्से में आकर पत्नी के हाथ कुल्हाड़ी से काट डाले। आरोपी ने हमला सिर्फ इसलिए किया था क्योंकि उसने पत्नी के फोन पर दूसरे शख्स का मैसेज देख लिया था। वह शख्स उसकी पत्नी को पसंद करता है। महिला ने इस घटना से पहले पति की धमकियों और मारपीट से तंग आकर उससे तलाक मांगा था। खटास के चलते वे दोनों काफी समय से अलग  भी रह रहे थे। हमले के बाद पति उसे अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान महिला का एक हाथ तो जोड़ दिया। मगर दूसरा हाथ जोरदार हमले के चलते नहीं बचाया जा सका। 25 वर्षीय मार्गरीटा ग्राचयोवा दो बच्चों की मां हैं। जबकि, उनके पति ड्मित्री ग्राचयोवा ट्रेन्ड सायकोलॉजिस्ट (मनोविज्ञानी) हैं। जलन के कारण उन्होंने पत्नी के हाथ काट डाले। बर्बर हमले में उनकी अंगुलियों और बांह पर गंभीर चोटें आईं। उन्होंने बताया, “मैंने पति से तलाक मांगा है।” मार्गरीटा के मुताबिक, “पति को इसी बात से जलन हुई। माफी चाहती हूं। लेकिन यह मेरे लिए इसे दोहराना अभी के लिए काफी दर्दनाक है।”

इधर, आरोपी पति को पुलिस ने फरवरी तक के लिए हिरासत में भेज दिया है। पति को इस दोष में 15 साल तक जेल की सलाखों के पीछे रहना पड़ सकता है। पुलिसिया पूछताछ में उसने कबूला कि बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद वह पत्नी को कार से जंगल वाले इलाके में ले गया था। वहीं उसने कुल्हाड़ी से उसके दोनों हाथ काट दिए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी ने कुल्हाड़ी को पकड़ने वाले हिस्से से पत्नी की अंगुलियां कूच दी थीं। फिर दोनों हाथ काटे थे। बाद में वह उसे अस्पताल ले गया और खुद को पुलिस के हवाले कर आया था।

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब पति ने महिला पर हमला किया है। वह इससे पहले भी उससे मारपीट कर के तंग करता था। धमकियां भी देता था। नवंबर में पति उसे जंगल ले गया था, जहां उसने उस पर चाकू से हमला किया था। कहा था कि उसे तलाक के बारे में सोचना छोड़ देना चाहिए। यही नहीं, आरोपी ने तब उसके चेहरे पर एसिड डालने की धमकी भी दी थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *