दहेज की मांग नहीं होने पर पहले पत्नी को गला दबाकर मारा फिर घर के कमरे में ही दफना दिया

उत्तर प्रदेश में दहेज की मांग न पूरी होने पर एक लड़की की हत्या कर दी गई। पति ने पहले उसकी गला दबाकर मौत के घाट उतारा। फिर घर के कमरे में ही उसकी लाश को दफना दिया। लड़की के परिजन ने इसके बाद पुलिस में शिकायत दी। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले से पर्दा उठाया है। यह मामला हापुड़ के पिलखुवा का है। यहां के छिजारसी गांव में कविता अपने पति और सास-ससुर के साथ रहती थी। वह मूल रूप से बुलंदशहर जिले में जहांगीराबाद की रहने वाली थी। बीते साल आठ दिसंबर को उसकी शादी छिजारसी में एक लड़के से हुई थी। पुलिस के अनुसार, शादी के कुछ दिनों बाद से ही दोनों में मनमुटाव रहने लगा। कारण लड़के पक्ष की ओर की जाने वाली दहेज की मांग थी। लड़का और उसके परिजन बार-बार लड़की वालों से दहेज के रूप में मोटरसाइकिल, चेन और फ्रिज की मांग करते थे। वहीं, लड़की के मायके वाले यह कहकर उनकी मांग को नजरअंदाज कर देते कि उन्होंने शादी में अच्छा-खासा खर्च किया था।

आखिरकार दहेज की मांग पूरी न हुई तो लड़के ने पत्नी को मौत के घाट उतारने की साजिश रची। 26 फरवरी (सोमवार) को कविता 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने गई थी। लौट कर घर आई तभी पति ने उसका गला दबाकर उसे मार डाला। सच किसी के सामने न आ सके, लिहाजा उसके घर के अंदर ही उसकी लाश को छिपा दिया।

हालांकि, सच ज्यादा देर तक छिपा नहीं रहा। लड़की के परिजन ने इस बाबत पुलिस में शिकायत दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूछताछ और खोजबीन के बाद 27 फरवरी (मंगलवार) को आरोपी को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *