Ind vs SL 3rd T20: तीसरा T-20 जीतकर महेन्द्र सिंह धोनी की बराबरी कर लेंगे कप्तान रोहित शर्मा

भारत और श्रीलंका की टीमें रविवार (24 दिसंबर) को सीरीज के तीसरे और आखिरी टी-20 मैच में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने हैं। 2-0 से आगे भारत की नजरें आखिरी मैच जीत श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने पर हैं। वहीं श्रीलंका आखिरी मैच को जीतकर दौरे का अंत जीत के साथ करने की कोशिश करेगी। वहीं टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा के पास इस मैच को जीतकर एमएस धोनी के एक रिकॉर्ड की बराबरी करने का अदभुत मौका है। महेन्द्र सिंह धोनी टीम इंडिया के एकमात्र ऐसे कप्तान हैं जिन्होंने टी-20 सीरीज में अपने विरोधी टीम का सूपड़ा साफ किया है। बतौर कप्तान एम एस धोनी ने जनवरी 2016 में टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से शिकस्त दी थी। भारत ने तब ऑस्ट्रेलिया को एडिलेड, मेलबॉर्न और सिडनी में खेल गये मैचों में धूल चटाई थी। अब एक साल ग्यारह महीने के बाद यही गौरव हासिल करने का मौका बतौर कप्तान रोहित शर्मा के पास है।

रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान धर्मशाल वन डे में टीम इंडिया का नेतृत्व किया था। हालांकि यहां वे असफल साबित हुए। लेकिन इसके बाद रोहित शर्मा ने जबर्दस्त वापसी की। वन डे में टीम इंडिया ने श्रीलंका को तो शिकस्त दी ही। टी-20 में भी भारत श्रीलंका को बिना खाता खोले वापस भेजने की तैयारी में है। भारत ने कटक और इंदौर टी-20 में श्रीलंका को मात दी है, अब भारत के पास मुंबई की चुनौती है। अगर रोहित शर्मा इस मैच में भी श्रीलंका को हरा देते हैं तो वे महेन्द्र सिंह धोनी की बराबरी कर लेंगे। अपनी कप्तानी पारी में रोहित शर्मा ने कई तमगे हासिल किये हैं। रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ इंदौर टी-20 मैच में मात्र 35 गेंदों में 100 रन बनाकर सनसनी मचा दी थी। इसके साथ ही रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ लगाये गये डेविड मिलर के शतक की बराबरी कर ली थी। मोहाली वन डे में शतक लगाकर रोहित शर्मा तीन बार डबल सेंचुरी जड़ने वाले विश्व के इकलौते बल्लेबाज हैं, जो एक शानदार उपलब्धि है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *