IND vs ZIM: जिम्बाब्वे पर बड़ी जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ा, इस मामले में सबसे आगे,

भारतीय टीम ने रविवार को हरारे में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 100 रन से हराकर बड़ी जीत दर्ज की थी। बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम इंडिया पहले मैच की हार को भुलाकर दूसरे मैच में वापसी करने में सफल रही थी जिससे पांच मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में दो विकेट पर 234 रन बनाए। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 18.4 ओवर में 134 रन पर ढेर हो गई थी। 

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ दिया था। दरअसल,  इस मैदान पर यह किसी टीम द्वारा जिम्बाब्वे के खिलाफ बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है। 2018 में ऑस्ट्रेलिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दो विकेट पर 229 रन बनाए थे। 

अभिषेक शर्मा की रिकॉर्ड पारी
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मैच से टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू करने वाले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दूसरे टी20 में दमदार बल्लेबाजी की। अभिषेक ने 47 गेंदों पर सात चौकों और आठ छक्के की मदद से 100 रन बनाए। उन्होंने इसके साथ ही अपने नाम कई रिकॉर्ड दर्ज कर लिए थे। यह भारत के लिए अभिषेक का पहला शतक है। अभिषेक शनिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में शून्य पर आउट हुए थे। इसके साथ ही अभिषेक जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं, जबकि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे कम पारियों में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

भारत ने पांचवीं बार टी20 में 100 से अधिक अंतर से जीत दर्ज की
भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले मैच में काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया था, लेकिन दूसरे मैच में दमदार वापसी की। भारत ने जिम्बाब्वे को 100 रनों के बड़े अंतराल से हराया। यह पांचवीं बार था जब भारत ने टी20 प्रारूप से 100 या इससे अधिक रनों के अंतर से जीत दर्ज की। भारत की इस प्रारूप में सबसे बड़ी जीत न्यूजीलैंड के खिलाफ आई थी। टीम ने पिछले साल अहमदाबाद में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड को 168 रनों से हराया था। भारत अब तक न्यूजीलैंड, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 में 100 से अधिक रनों के अंतर से जीत दर्ज की है। 

भारत ने पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ा
भारतीय टीम ने इस तरह एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है। भारत टी20 में सबसे ज्यादा बार 100 या इससे अधिक अंतर से जीत दर्ज करने वाला देश बन गया है। भारत ने जहां पांच बार ऐसा किया है, वहीं पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया ने टी20 में चार-चार बार 100 से अधिक अंतर से जीत दर्ज की है। इनके अलावा इंग्लैंड और अफगानिस्तान ने तीन-तीन बार ऐसा किया है।पीटीआई.