भरी सभा में पंचायत ने महिला के उतरवाए कपड़े, पीड़िता ने न्याय नहीं मिलने पर दी जहर खाने की धमकी

झारखंड के हजारीबाग जिले में शर्मनाक और अमानवीय घटना हुई। एक बुजुर्ग महिला को डायन बताकर भरी सभा में कपड़े उतरवाए गए। लोग खड़े होकर तमाशा देखते रहे और दबंगों ने महिला को निर्वस्त्र कर दिया। पीड़िता ने न्याय न मिलने पर जहर खाकर जाने देने की धमकी दी है। इस घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मचा है। यह घटना बताती है कि किस कदर तमाम इलाकों में पंचायतों का खौफ कायम है।

यह अमानवीय घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिलवार कला गांव की है। गांव की 65 साल की महिला को कई साल से कुछ लोग डायन कहकर प्रताड़ित करते रहे। इस बीच उनकी दबंगई बढ़ी और उन्होंने पंचायत में महिला के साथ शर्मनाक हरकत की। आरोप है कि पंचायत में शामिल लोगों ने महिला के घर पर पत्थरबाजी भी की। पीड़िता ने कहा कि थाने से उसे भगा दिया गया। मुकदमा भी दर्ज नहीं हुआ।

पीड़िता ने कहा कि अगर इस घटना में न्याय नहीं मिला तो वह जहर खाकर जान दे देगी। महिला के बेटे ने कहा कि पूरा गांव हमारा उत्पीड़न कर रहा है। सभी लोग खिलाफ हैं। पंचायत में मां के साथ लोग गलत हरकत कर रहे थे, मगर किसी ने बचाव नहीं किया। खाना गले नहीं उतर रहा है, जिंदा रहने का भी मन नहीं कर रहा। इस घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। इस घटना पर हजारीबाग एक पुलिस कप्तान अऩीश गुप्ता ने कहा कि घटना की जांच हो रही है। दोषियों के लिए सख्त कार्रवाई होगी। पंचायतों को मनमानी करने की कतई छूट नहीं है। हर शख्स को मान-सम्मान से जीने का हक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *