भारत पहुंचने से पहले जापानी पीएम ने जमकर की पीएम मोदी की तारीफ, कहा- उनमें गजब की क्षमता

भारत यात्रा की शुरूआत करते हुए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने भारत के साथ अपने देश के संबंधों को ‘‘बेहद महत्वपूर्ण और विशेष’’ बताया, साथ ही कहा कि जापान, भारत के तीव्र आर्थिक विकास में सहयोग के तौर पर अपना प्रौद्योगिकी समर्थन जारी रखेगा। जापान के प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि जापान के लिए भारत बेहद महत्वपूर्ण एवं विशेष है। मैं जापान के प्रधानमंत्री के रूप में भारत की चौथी यात्रा की शुरूआत कर रहा हूं। इस दौरान मैं प्रधानमंत्री मोदी के गृह राज्य गुजरात जा रहा हूं। वहां मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ 10वें जापान-भारत शिखर सम्मेलन की बैठक में हिस्सा लूंगा। भारत और जापान के संबंधों के नए युग के सूत्रपात तथा इसे और गहरा बनाने को आशान्वित हूं।

शिंजो आबे ने कहा कि भारत और जापान सार्वभौम मूल्यों और सामरिक हितों को काफी महत्व देते हैं और हम इसे साझा करते हैं। दोनों देश एशिया के प्रमुख लोकतंत्र और वैश्विक शिक्तियां हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रभावशाली नेता हैं, जिनमें चीजों को आगे बढ़ाने की अभूतपूर्व क्षमता है। मैं मानता हूं कि भारत और जापान के संबंध दुनिया में सर्वाधिक क्षमताओं से भरे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बात के लिए प्रतिबद्ध हूं कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हम हिन्द.. प्रशांत क्षेत्र और पूरी दुनिया में शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करें।’’

आबे ने कहा कि भारत और जापान के संबंधों में आर्थिक सहयोग महत्वपूर्ण आयाम है। पिछले वर्ष नवंबर में मैं प्रधानमंत्री मोदी के साथ जापान के शिंकान्सेन रांलिग फैक्टरी गया था और भारत के प्रधानमंत्री को जापान की स्वदेशी प्रौद्योगिकी के बारे में जानकारी दी थी। मुझे यह जानकर बेहद खुशी महसूस हुई कि शिंकान्सेन की ट्रेनें मुम्बई अहमदाबाद हाई स्पीड कारिडोर के तहत भारतीय भूमि पर दौड़ेंगी। जापान के प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रति वर्ष करीब 100 जापानी कंपनियां कारोबार के लिए भारत आ रही हैं। अक्तूबर 2016 में 1305 जापानी कंपनियां काम कर रही थीं। भारत और जापान के तकनीशियन विनिर्माण इकाइयों में साथ मिलकर काम कर रहे हैं और इस तरह से भारत..जापान आर्थिक संबंधों को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने में योगदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जापान की प्रौद्योगिकी और भारत का समृद्ध मानव संसाधन साथ मिलकर विनिर्माण क्षेत्रों में क्षमताओं का पूरा सदुपयोग कर रहे हैं और यह क्षमता आसियान, अफ्रीका और शेष दुनिया में  फैल रही है। भारत लम्बे समय से जापान के लोगों से परिचित है। योग, सिनेमा, खानपान के साथ ही भारतीय संस्कृति जापान में काफी लोकप्रिय है। जापान विभिन्न क्षेत्रों में भारत के योगदान को सम्मान देता है जो सभ्यता एवं मानवता के इतिहास से जुड़ा है। दोनों देशों के लोगों में गहरा, भावनात्मक अपनापन है और इसलिए दोनों देशों के संबंध गहरे आपसी विश्वास पर आधारित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *