कश्मीर में प्रेमिका के मंगेतर को नकली आतंकी बन डरना पड़ा महंगा, असली समझ उठा ले गई पुलिस

जम्मू-कश्मीर में सेना और पुलिस इस वक्त आतंकवादियों के सफाए के लिए आॅपरेशन आॅल आउट-2 चला रही है। इस आॅपरेशन का मकसद कश्मीर में सक्रिय आतंकवादी संगठनों के 14 टॉप कमांडरों का सफाया करना है। इस आॅपरेशन में शनिवार को नया ट्विस्ट उस वक्त आया, जब आतंकवादियों से उलझने वाली पुलिस एक अफेयर के मामले में उलझ गई। मामला शनिवार (28 अप्रैल) की देर रात का है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवादियों जैसे कपड़े पहनने वाले चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर एक शख्स को धमकाने का भी आरोप था। चार लोगों के इस ग्रुप ने सैनिकों के जैसे कपड़े पहन रखे थे। ऐसे ही कपड़े इलाके में सक्रिय आतंकवादी भी पहनते हैं। इन लोगों ने नकली एके-47 रायफलें भी ले रखी थीं। लेकिन यहीं कहानी में नया मोड़ आ गया। चार लोगों के ग्रुप में से आदिल नाम का शख्स अपनी प्रेमिका के मंगेतर को डराने के लिए जा रहा था। आदिल दक्षिण कश्मीर में रहने वाली एक लड़की से प्यार करता था। उसने लड़की के मंगेतर को डराने की योजना बनाई। धमकाने की कोशिश करने पर गांव वालों ने आदिल को दबोच लिया, जबकि बाकी तीन लोग भागने में सफल रहे।

सुरक्षा के नजरिए से गांव वालों ने युवकों के स्मार्टफोन से वीडियो बना लिए। इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस वालों ने आते ही आदिल को हिरासत में ले लिया। पूरी रात चली पूछताछ के बाद उनका मकसद साफ हो गया। आदिल ने पुलिस वालों के बताया कि वह अपनी प्रेमिका से निकाह करना चाहता है। लेकिन लड़की के घर वाले उसकी एक दूसरे लड़के से शादी करवा रहे हैं। ये वही लड़का है जिसे आदिल डराने के लिए गया था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस लड़के पर कभी कोई दूसरा मामला दर्ज नहीं हुआ है। पूरी रात हवालात में बिताने के बाद पुलिस वालों ने लड़के को जाने दिया। जबकि तीन दूसरे शख्स जो आदिल को छोड़कर भाग गए थे, उन्हें भी पुलिस ने पूछताछ के बाद चले जाने दिया। अंत में पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये अभी भी साफ नहीं है कि शादी हुई या नहीं हुई। लेकिन उसी इलाके के एक पुलिसकर्मी ने बताया कि हमें आदिल के साथ हमदर्दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *