क्लीनिक में महिला मरीजों के वीडियो बनता रंगे हाथों पकड़ा गया चेन्नई का ये बुजुर्ग डॉक्टर, पहले भी बनाया था क्लिप्स

तमिलनाडु के चेन्नई शहर में क्लीनिक चलाने वाला एक बुजुर्ग डॉक्टर महिला मरीज का वीडियो बनाते रंगे हाथों धरा गया। मरीज उसके पास सीने में दर्द की शिकायत लेकर आई थी, तभी वह उसकी रिकॉर्डिंग करने जा रहा था। पुलिस को छानबीन में बाद में पता चला कि डॉक्टर इससे पहले भी जांच के दौरान महिला मरीजों के वीडियो बना चुका था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी की पहचान मयलापुर निवासी डॉक्टर शिवागुरुनाथन के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र तकरीबन 64 साल है। ताजा मामले में उसने पीड़िता के पति को कमरे के बाहर रुकने के लिए कहा था। पति अपनी पत्नी की तबीयत को लेकर चिंतित था। उसे आशंका थी कि दर्द और न बढ़ जाए, लिहाजा वह कांच की खिड़की से पत्नी को देख रहा था।

डॉक्टर ने उसी दौरान चुपके से टेबल पर अपना फोन रखा और महिला मरीज से कपड़े उतारने के लिए बोला। महिला को इस दौरान पता नहीं चल पाया कि डॉक्टर उसकी वीडियोग्राफी कर रहा था। वह कपड़े उतारती, उससे पहले उसका पति मामला समझ चुका था। वह फौरन कमरे के अंदर जा पहुंचा और डॉक्टर से सवाल करने लगा।

डॉक्टर ने रंगे हाथों पकड़े जाने के फौरन बाद अपने फोन का मेमोरी कार्ड तोड़ दिया। हालांकि, उसके एक अन्य मोबाइल से महिला मरीजों के कुछ ऐसे ही 30 वीडियो मिले हैं। पीड़ित पति ने इस बारे में बाद में दोस्तों को बताया, जिसके बाद वे लोग पुलिस के पास मामले की शिकायत लेकर पहुंचे।

पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो डॉक्टर ने पिछले मामलों के बारे में भी बताया। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की तीन धाराओं के तहत आरोपी पर मामला दर्ज किया है। फिलहाल, उसे न्यायिक हिरासत के तहत पुजहल जेल में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *