LIVE कैराना उपचुनाव परिणाम 2018: BJP को झटका, विपक्षी गठबंधन की उम्‍मीदवार तबस्‍सुम हसन विजेता

Kairana up Chunav Result 2018, Kairana By Election Result 2018, Kairana Lok Sabha bypoll Election Result 2018 LIVE:  उत्‍तर प्रदेश के अति-महत्‍वपूर्ण कैराना लोकसभा सीट पर उपचुनाव में विपक्ष की एकता भाजपा पर भारी पड़ी। गुरुवार (31 मई) को मतगणना में राष्‍ट्रीय लोक दल की उम्‍मीदवार तबस्‍सुम हसन ने जीत दर्ज की। कैराना लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आरएलडी की तबस्सुम हसन को 4,81,182 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी की मृगांका सिंह की झोली में महज 4,36,564 वोट आए। ऐसे में उन्होंने 44,618 वोटों से जीत हासिल की है। तबस्सुम इस जीत के साथ यूपी में साल 2014 के बाद पहली मुस्लिम सांसद बन गई हैं।

तबस्‍सुम को विपक्षी दलों (सपा, बसपा और कांग्रेस) का समर्थन प्राप्‍त है। भाजपा ने इस सीट से सांसद रहे हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को मैदान में उतारा था, मगर वह तबस्‍सुम को नहीं हरा सकीं। पार्टी के नेता जयंत चौधरी ने उन सभी पार्टियों का धन्‍यवाद किया जिन्‍होंने उपचुनाव में उनका समर्थन किया। उन्‍होंने कहा, ”मैं अखिलेश जी, मायावती जी, राहुल जी, सोनिया जी, सीपीआईएम और आप का धन्‍यवाद करता हूं।”

कैराना लोकसभा सीट और नूरपुर विधानसभा सीट के लिए मतगणना आज सुबह शुरू हुई थी। कैराना में सोमवार को हुए मतदान के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आयी थीं। कैराना सीट पर कल 73 मतदान केन्द्रों पर पुनर्मतदान कराया गया था। भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के कारण कैराना सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी बेटी मृगांका सिंह भाजपा प्रत्याशी हैं। इस सीट पर रालोद से तबस्सुम हसन मैदान में हैं जिन्हें सपा, बसपा और कांग्रेस का समर्थन भी प्राप्त है।

गौरतलब है कि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में कैराना सीट पर भाजपा के हुकुम सिंह जीते थे। हुकुम सिंह को इस चुनाव में कुल 565,909 मत मिले थे जबकि सपा की नाहिद हसन दूसरे नंबर पर रही थीं और उन्हें 32,9081 वोट मिले थे। बसपा के कुंवर हसन तीसरे स्थान पर आए थे और उन्हें 16,0444 वोट मिले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *