Lok Sabha, Assembly By Election Result 2018 Winners List: 4 लोकसभा, 11 विधानसभा सीटों के नतीजे: जानिए कहां कौन जीता

4 लोकसभा सीटों और 11 विधानसभा सीटों के नतीजे केन्द्र की मौजूदा सरकार के लिए गम ज्यादा, खुशी बेहद कम लेकर आए। बीजेपी को सबसे करारा झटका उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित कैराना सीट पर लगा है। यहां पर बीजेपी उम्मीदवार मृगांका सिंह अपना विरासत नहीं बचा पाई हैं। वह आरएलडी के तबस्सुम हसन से हार गईं। इन चुनाव नतीजों के बाद विपक्षी खेमे में उत्साह का माहौल है। अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और जयंत चौधरी अब 2019 में साथ मिलकर मोदी सरकार को चुनौती देना चाहते हैं। वहीं गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि लंबी छलांग लगाने के लिए दो कदम पीछे हटना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि 2019 में पार्टी बड़ी जीत हासिल करेगी।

नागालैंड- लोकसभा सीट

नागालैंड लोकसभा सीट पर बीजेपी समर्थित एनडीपीपी के कैंडिडेट तोखेहो येपथोमी ने अपने निकटतम प्रत्याशी एनपीएफ के उम्मीदवार को हरा दिया है।

महाराष्ट्र- पालघर लोकसभा सीट

बीजेपी के लिए अच्छी खबर महाराष्ट्र के पालघर लोकसभा सीट से आई है। यहां पर पार्टी उम्मीदवार राजेन्द्र गावित चुनाव जीत गये हैं। उन्होंने अपने निकटत्तम प्रतिद्वंदी को 29572 वोटों से हराया। बता दें कि गावित कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आ गये थे। बीजेपी सांसद चिंतामन वनागा के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। यहां शिवसेना ने वनागा के बेटे श्रीनिवास वनागा को मैदान में उतारा था। लेकिन वे चुनाव हार गये।

महाराष्ट्र- भंडारा गोंदिया सीट

महाराष्ट्र के भंडारा गोंदिया सीट पर पूर्व बीजेपी सांसद नाना पटोले के बगावत ने असर दिखाया है। बीजेपी यह सीट हार गई है। इस सीट पर एनसीपी कैंडिडेट मधुकर कुकड़े की जीत हुई है। उन्होंने बीजेपी के हेमंत पटोले को हराया है। एनसीपी को यहां कांग्रेस ने समर्थन दिया था, जबकि शिवसेना ने यहां अपना कैंडिडेट ही नहीं उतारा था।

महाराष्ट्र- पलूस काडेगांव विधानसभा सीट

इस सीट पर कांग्रेस के विश्वजीत कदम निर्विरोध जीते गये हैं। ये सीट कांग्रेस विधायक पतंगराव कदम के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर शिवसेना कांग्रेस के उम्मीदवार का समर्थन किया था। जबकि बीजेपी कैंडिडेट ने अपना नाम वापस ले लिया था।

उत्तर प्रदेश- कैराना लोकसभा सीट

इस सीट पर राष्ट्रीय लोकदल के तबस्सुम हसन की जीत हुई है। उन्होंने बीजेपी की मृगांका सिंह को 49449 वोटों से  पटखनी दी है। इस सीट पर तबस्सुम हसन को कांग्रेस, सपा, बसपा का समर्थन हासिल था।

उत्तर प्रदेश- नूरपुर विधानसभा सीट

समाजवादी पार्टी ने नूरपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। यहां पर सपा के नईमुल हसन ने बीजेपी की अवनि सिंह को 6211 वोटों से हरा दिया है।

उत्तराखंड-  थराली विधानसभा सीट

उत्तराखंड के थराली विधानसभा सीट से भी बीजेपी के लिए अच्छी खबर है। यहां पर बीजेपी प्रत्याशी मुन्नी देवी ने कांग्रेस प्रत्याशी जीतराम टम्टा को हराया दिया है।

पंजाब- शाहकोट विधानसभा सीट

पंजाब, मेघालय और कर्नाटक से कांग्रेस के लिए गदगद कर देने वाली खबर है। पंजाब के जालंधर जिले के शाहकोट विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हरदेव सिंह लाडी ने अकाली दल के प्रतिद्वंद्वी नायब सिंह कोहाड़ को हरा दिया है।

कर्नाटक- आरआर नगर सीट

कर्नाटक के आर आर नगर सीट पर भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां पर कांग्रेस के मुनीरत्न ने 41162 वोटों से जीत हासिल की है।

मेघालय- अम्पाती विधानसभा सीट

मेघालय की अम्पाती सीट पर भी कांग्रेस ने जीत हासिल की है। यहां पर कांग्रेस कैंडिडेट मियानी डी शिरा ने जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी मिआनी डी शिरा ने 3191 मतों से चुनाव जीत लिया। मिआनी के खाते में जहां 14,259 मत आए वहीं एनपीपी प्रत्याशी क्लेमेंट जी मोमिन को कुल 11,069 वोट मिले।’’ मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा के इस सीट को छोड़ने के कारण यहां उपचुनाव कराया गया था।

बिहार-जोकीहाट विधानसभा सीट

विधानसभा उपचुनाव में भी बीजेपी के सहयोगियों के लिए अच्छी खबर नहीं है। बिहार के जोकीहाट सीट पर आरजेडी कैंडिडेट शाहनवाज आलम की जीत हुई है। यहां पर शाहनवाज आलम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और जदयू के मुर्शीद आलम को करीब 41,000 वोटों से हराया है।

झारखंड- गोमिया, सिल्ली विधानसभा सीट

झारखंड में जेएमएम ने राज्य की दोनों विधानसभा सीटों सिल्ली और गोमिया पर जीत हासिल की है। सिल्ली सीट जेएमएम कैंडिडेट सीमा महतो उपचुनाव जीतीं हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 13535 वोटों से हराया है। जबकि गोमिया विधानसभा उपचुनाव में जेएमएम प्रत्याशी बबीता देवी करीब 1344 वोट से जीती हैं।

केरल-चेंगन्नुर विधानसभा सीट

केरल की सत्तारूढ़ माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ के उम्मीदवार साजी चेरियन ने चेंगन्नुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी को 20,956 मतों के भारी अंतर से मात दी। मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार चेरियन को 67,303 मत मिलें जबकि कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ उम्मीदवार डी विजयकुमार 46,347 मत ही हासिल कर पाए। वहीं भाजपा उम्मीदवार एस श्रीधरन पिल्लै 35,270 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। जनवरी में माकपा विधायक के के रामचंद्रन नायर के निधन के बाद यहां उपचुनाव हुआ था।

पश्चिम बंगाल-महेशतला विधानसभा सीट

पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने महेशतला विधानसभा सीट पर जीत हासिल की है। टीएमसी कैंडिडेट दुलाल दास ने भारतीय जनता पार्टी के सुजीत घोष को हराया है। तृणमूल के उम्मीदवार दुलाल दास ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सुजीत कुमार घोष पर 62,896 मतों से जीत दर्ज की। दास को 1,04,818 वोट और घोष को 41,992 मत मिले। कांग्रेस समर्थित माकपा उम्मीदवार प्रवत चौधुरी 30,316 वोट ही हासिल कर पाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *