छेड़खानी करते तीन मनचलों को स्कूटी सवार लड़की ने मारी बुरी तरह टक्कर और कर दिया सड़क पर चित

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने राह चलते लड़कियों के साथ छेड़खानी करने वाले तीन मनचलों को दबोचा है। समाचार एजेंसी एएनआई ने मनचलों की करतूत का सीसीटीवी फुटेज वाला वीडियो ट्वीट किया है। करीब 23 सेकेंड के इस वीडियो में मनचले राह चलते एक स्कूटी पर जा रही लड़की को छेड़ते हुए दिखाई देते हैं। मामला डोडा इलाके का है। वीडियो में तीनों मनचले एक बाइक पर आते हुए दिखाई देते हैं, उनमें से एक मनचला बाइक से उतरकर स्कूटी से आती लड़की को छेड़ता दिखाई देता है, इस नापाक हरकत के दौरान लड़की तो दुपहिया वाहन पर नियंत्रण खोकर गिर जाती है, लेकिन छेड़ने वाला मनचला भी बुरी तरह चोट खा जाता है सड़क पर चित हो जाता है। वह तेजरफ्तार स्कूटी पर लड़की को छेड़ने के दौरान टक्कर खा जाता है। इसके बाद मनचले के बाकी दो साथी उसे सड़क से उठाने की कोशिश करते हुए दिखाई देते हैं। वीडियो के आखिर में अपशब्दों का उच्चारण सुनाई देने के कारण हम उसे यहां दिखाने में असमर्थ हैं।

बता दें कि राह चलते लड़कियों के साथ होने वाली छेड़खानी की ऐसी ही कई वारदातों को पहले भी अंजाम दिया जा चुका है। पिछले दिनों एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें छात्राओं का पीछा करने और उनके साथ छेड़खानी करने वाले मनचलों को मुंह की खानी पड़ी थी। उत्तर प्रदेश के गोंडा की इस घटना के वीडियो में मनचले को छात्राएं सड़क पर ही सबक सिखाते हुए देखी गई थीं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *