बच्चा न होने पर पर एक शख्स ने अपनी पत्नी को जिंदा जला उसे तीसरे माले से धक्का दे मार दिया

बच्चा न पैदा होने को लेकर एक शख्स ने पहले अपनी पत्नी को जिंदा जलाया। फिर उसे रिहायशी इमारत के तीसरे माले से धक्का दे दिया। घटना के थोड़ी देर बाद ही महिला की मौत हो गई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस घटना को अंजाम देने में मृतका के ससुराली भी शामिल थे। अधिकारियों की मानें तो करीब सात साल पहले दंपति की शादी हुई थी, मगर उन्हें बच्चे नहीं हुए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली, जो फरार हैं। पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

यह मामला उत्तर प्रदेश के मुराबाद का है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय पुष्पा कांडपाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर की रहने वाली थीं। साल 2011 में मुरादाबाद के मजोरा थाना क्षेत्र के मीरपुर निवासी त्रिभुवन कांडपाल से उनकी शादी हुई थी। जांच में पता लगा कि त्रिभुवन ने शादी के वक्त खुद को शिक्षक बताया था, जबकि असल में वह तब बेरोजगार था।

मृतका के भाई वसंत बल्लभ ने आरोप लगाया, “त्रिभुवन और उसके परिजन दहेज के लिए मेरी बहन को प्रताड़ित करते थे। वे बहन को गालियां देते थे, बुरी तरह पीटते थे और रुपयों की मांग करते थे। बच्चा न होने पर वे बहन को जिम्मेदार ठहराते थे। हालांकि, मेरी बहन ने कभी भी उनकी शिकायत नहीं की।”

बुधवार को आरोपी ने जब महिला को जिंदा जलाकर तीसरे माले से धक्का दिया, उसके बाद पड़ोसियों में हड़कंप मच गया था। लोगों ने फौरन पुलिस और मृतका के परिजन को इस बाबत सूचित किया था। महिला के घर वाले इसके बाद मुरादाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपी के खिलाफ शिकायत देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मृतका के पति व अन्य छह लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 304बी और 498ए के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *