बलात्‍कारी बाबा राम रहीम को ट्विटर ने भी दिया झटका, भारत में बंद हुआ अकाउंट

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को यौन शोषण के दो मामलों में दोषी पाए जाने और 20 साल जेल की सजा सुनाए जाने के बाद ट्विटर ने उनके आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर रोक लगा दी है। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर राम रहीम के अकाउंट को जब खोजा गया तो उस पर यह संदेश आया कि ‘भारत में गुरमीत राम रहीम के खाते पर रोक लगा दी गई है।’ ट्विटर ने इस बारे में बताते हुए कहा, “हमारा हमेशा प्रयास रहा है कि सेवा को सभी तक सब जगह पहुंचाया जाए, अगर हमें किसी अधिकृत संस्था से किसी के खिलाफ कोई वैध अनुरोध मिलता है तो, किसी देश में कुछ सामग्री पर समय समय पर रोक लगाई जा सकती है।” ट्विटर के मुताबिक, अगर किसी यूजर ने टाइमलाइन या ट्विटर में कहीं और ग्रेडेड आउट यूजर को देखा तो उस खास अकाउंट को किसी देश विशेष में रोक दिया जाता है, इस मामले में देश भारत है।

वहीं अब राम रहीम अब कभी भी कोई फिल्म नहीं बना पाएगा क्योंकि सिनेमा और टीवी से जुड़े एसोशिएसन ने उसका लाइसेंस रद्द कर दिया है। एएनआई के मुताबित सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोशिएसन द्वारा राम रहीम का अपराध में हाथ होने की पुष्टि होने के बाद उसका लाइसेंस रद्द कर दिया गया। इसके बाद इंडियन फिल्म एंड टेलिवीज़न डायरेक्टर्स एसोशिएसन ने भी उसका लाइसेंस रद्द कर दिया। राम रहीम बॉलीवुड में अब तक कई फिल्में बना चुका है जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा कलेक्शन किया था। बॉलीवुड में कई सारी फिल्मों में नजर आने वाले राम रहीम का प्लान बंगाली सिनेमा में एंट्री करने का था। जी हां आपने सही सुना अगर चीजें उनके मुताबिक चलतीं तो राम रहीम बंगाली फिल्म में हीरो के तौर पर नजर आते।

गौरतलब है कि साल 2002 में राम रहीम के खिलाफ एक गुमनाम पत्र लिखा गया था। जिसपर पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया था। 15 साल तक चले इस बलात्कार केस में 25 अगस्त, 2017 को सीबीआई कोर्ट ने राम रहीम को दोषी करार दिया था और 28 अगस्त, 2017 को राम रहीम को दो अलग-अलग रेप केस में बीस साल की सजा सुनाई गई थी। कोर्ट ने जब राम रहीम को दोषी करार दिया था तो पंचकुला समेत हरियाणा के अन्य जिलों में राम रहीम के समर्थकों ने हिंसा कर दी थी। इस हिंसा में 38 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 250 से ज्यादा घायल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *