फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2018 का ताज अनुकृति को, मीनाक्षी चौधरी को फर्स्ट रनर अप का ताज

फेमिना मिस इंडिया 2018 (Femina Miss India) का ताज किसके सिर सजेगा इसका फैसला आ गया है। मिस तमिलनाडु अनुकृति वास ने फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2018 का ताज जीत लिया है। तमिलनाडु की अनुकृति वास को मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने मिस इंडिया वर्ल्ड 2018 का ताज पहनाया। इसके अलावा मिस इंडिया हरियाणा रहीं मीनाक्षी चौधरी को फर्स्ट रनर अप का ताज पहनाया गया है। वहीं श्रेया राव ने सेकंड रनर अप का ताज अपने नाम किया है।
दरअसल मिस इंडिया के ताज के लिए 29 राज्यों की विजेताओं समेत दिल्ली के विजेता के बीच मुकाबला था। मिस इंडिया की विजेता अब अंतरराष्ट्रीय फलक पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। कांटेस्ट की दोनों रनरअप भी मिस ग्रैंड इंटरनेशनल 2018 और मिस यूनाइटेड कॉन्टिनेंट्स 2018 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले मिस इंडिया 2017 की विजेता मानुषी छिल्लर मिस वर्ल्ड का ताज जीत चुकी हैं। प्रियंका चोपड़ा के ताज जीतने के 17 साल बाद किसी भारतीय ने यह उपलब्धि हासिल किया था।
कांटेस्ट के लिए देशभर के 30 राज्यों में ऑडिशन कराए गए थे। हर राज्य की विजेताओं को मिस इंडिया 2018 के फिनाले में भाग लेने का अवसर दिया गया। फिनाले में 30 में से टॉप 5 कंटेस्टेंट्स के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इन पांच कंटेस्टेंट्स में मिस इंडिया दिल्ली गायत्री भारद्वाज, मिस इंडिया हरियाणा मानाक्षी चौधरी, मिस इंडिया झारखंड स्टेफी पटेल, मिस इंडिया तमिलनाडु अनुकृति वास और मिस इंडिया आंध्र प्रदेश श्रेया राव शामिल रहीं। इनमें से अनुकृति वास ने मिस इंडिया 2018 का ताज जीत लिया।
मिस इंडिया ग्रैंड फिनाले की रंगीन शाम के लिए फिल्मी सितारों ने भी खूब तैयारी की थी। बॉलीवुड की कई अभिनेत्रियों ने कार्यक्रम में स्टेज परफॉर्मेंस दिया। करीना कपूर, जैकलीन फर्नांडिस, माधुरी दीक्षित ने शानदार प्रस्तुति से माहौल बेहतरीन बना दिया।